देश

शशि थरूर ने राहुल की बैठक से क्यों बनाई दूरी? सामने आई इसकी वजह; क्या एक्शन लेगी कांग्रेस

Parliament Session: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर एक बार फिर पार्टी बैठक में शामिल नहीं हुए। इस बार लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह बैठक बुलाई थी जिसमें पार्टी के लोकसभा सांसदों ने हिस्सा लिया। सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई उस बैठक में भी शशि थरूर शामिल नहीं हुए जिसमें शीतकालीन सत्र से जुड़ी रणनीतियों पर चर्चा हुई थी।

Image

तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर (फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

Parliament Session: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर एक बार फिर पार्टी बैठक में शामिल नहीं हुए। इस बार लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह बैठक बुलाई थी जिसमें पार्टी के लोकसभा सांसदों ने हिस्सा लिया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, शशि थरूर ने अपनी अनुपलब्धता के बारे में पहले ही नेतृत्व को सूचित कर दिया था।

मनीष तिवारी भी नहीं हुए शामिल

कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी भी बैठक में मौजूद नहीं थे। हालांकि, उन्होंने भी व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर बैठक में शामिल न होने की जानकारी पार्टी को दी थी।

शशि थरूर के आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट की टाइमलाइन के अनुसार, वह पिछली रात को कोलकाता में प्रभा खैतान फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इससे पहले, एक दिसंबर को शशि थरूर ने स्पष्ट किया था कि उन्होंने कांग्रेस रणनीतिक समूह की बैठक जानबूझकर नहीं छोड़ी थी, बल्कि वह उस समय केरल से लौटते हुए विमान में थे। बैठक में अनुपस्थिति से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए थरूर ने कहा था, “मैंने बैठक नहीं छोड़ी थी; मैं केरल से लौटते हुए फ्लाइट में था।”

कांग्रेस की तीन बैठकों में शामिल नहीं हुए थरूर

सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई उस बैठक में कांग्रेस की शीतकालीन सत्र की रणनीति पर चर्चा होनी थी और थरूर उस बैठक में मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति की चर्चा ने इसलिए भी जोड़ पकड़ा, क्योंकि वह विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी कांग्रेस की पिछली बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे। हालांकि, उस वक्त उन्होंने अस्वस्थता का हवाला दिया था।

कांग्रेस नेताओं के निशाने पर थरूर

हाल ही में शशि थरूर को कांग्रेस नेताओं ने उस वक्त घेरा जब वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आयोजित डिनर में शामिल हुए। उस डिनर में शामिल होने वाले वह एकलौते कांग्रेसी नेता थे और कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को न्यौता नहीं मिलने से नाराज थी।

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा था, “हर किसी की अंतरात्मा की आवाज़ होती है। जब मेरे नेता आमंत्रित नहीं होते, लेकिन मैं होता हूं तो हमें समझना चाहिए कि खेल क्यों हो रहा है, कौन खेल रहा है और हमें इसका हिस्सा क्यों नहीं बनना चाहिए।”

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!