देश

Kerala Local Body Polls: थरूर ने BJP को दी बधाई; अब एक्शन लेगी कांग्रेस या अलग होगी तिरुवनंतपुरम सांसद की राह?

शशि थरूर

शशि थरूर ने भाजपा को दी जीत की बधाई।

कांग्रेस की बैठकों से दूरी बनाकर चल रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने फिर एक बार चौंकाने वाला कदम उठाया है। उन्होंने केरल निकाय चुनावों में भाजपा की जीत पर बधाई दी है। साथ ही उसे ऐतिहासिक भी करार दिया है। बीते कुछ समय से कांग्रेस से रूठे-रूठे से शशि थरूर के इस बयान से यह हो साफ हो गया है कि उनके मन में कुछ तो बड़ा चल रहा है। वे कांग्रेस की पिछली तीन बड़ी बैठकों से गायब रहे। वहीं, वे रूसी राष्ट्रपति के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आयोजित डिनर में भी शामिल हुए थे, जिसके बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने उनकी आलोचना भी की थी। अब ऐसे में भाजपा की जीत पर बधाई देने के बाद वे फिर से चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।

थरूर ने की यूडीएफ की जीत की सराहना

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने शनिवार को केरल के स्थानीय निकाय चुनावों में यूडीएफ की जीत की सराहना की।अपने तिरुवनंतपुरम निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए उन्होंने भाजपा को बधाई देते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की सुंदरता है।

थरूर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जनता के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए, चाहे वह यूडीएफ के पक्ष में हो या उनके निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में।केरल के स्थानीय निकाय चुनावों में आज के नतीजे वाकई चौंकाने वाले हैं। जनादेश स्पष्ट है और राज्य की लोकतांत्रिक भावना स्पष्ट रूप से झलकती है। स्थानीय निकायों में शानदार जीत के लिए यूडीएफ को हार्दिक बधाई!यह एक बड़ा समर्थन है और राज्य विधानसभा चुनावों से पहले एक मजबूत संकेत है। कड़ी मेहनत, सशक्त संदेश और सत्ता विरोधी लहर का स्पष्ट रूप से फल मिला है,जिससे 2020 की तुलना में कहीं बेहतर परिणाम प्राप्त हुए हैं। हम केरल की बेहतरी के लिए काम करना जारी रखेंगे,लोगों से जुड़े मुद्दे उठाएंगे और सुशासन के सिद्धांतों को कायम रखेंगे।

तिरुवनंतपुरम के नगर निगम चुनाव में राजग की शानदार जीत

तिरुवनंतपुरम के नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शानदार जीत हासिल की। राजग ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत एलडीएफ को शिकस्त देकर निगम पर लगातार 45 वर्षों के वामपंथी शासन का अंत कर दिया।

विश्लेषकों का मानना है कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम में मिली जीत से 2026 के विधानसभा चुनाव में विशेष रूप से राज्य की राजधानी में भाजपा की संभावनाओं को काफी बल मिलेगा। तिरुवनंतपुरम नगर निगम के 101 वार्ड में से भाजपा को 50 में, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 29 में, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को 19 में और दो निर्दलीय को जीत मिली है।

कांग्रेस से रूठे-रूठे हैं थरूर

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर बीते दिन हुई पार्टी बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे। इस बार लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह बैठक बुलाई थी जिसमें पार्टी के लोकसभा सांसदों ने हिस्सा लिया। उससे पहले, सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई बैठक में भी शशि थरूर नहीं शामिल हुए थे। सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई उस बैठक में कांग्रेस की शीतकालीन सत्र की रणनीति पर चर्चा होनी थी और थरूर उस बैठक में मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति की चर्चा ने इसलिए भी जोड़ पकड़ा, क्योंकि वह विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी कांग्रेस की पिछली बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे। हालांकि,उस वक्त उन्होंने अस्वस्थता का हवाला दिया था।

कांग्रेस नेताओं के निशाने पर थरूर

हाल ही में शशि थरूर को कांग्रेस नेताओं ने उस वक्त घेरा जब वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आयोजित डिनर में शामिल हुए थे। उस डिनर में शामिल होने वाले वह एकलौते कांग्रेसी नेता थे और कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को न्यौता नहीं मिलने से नाराज थी।

क्या कांग्रेस का दामन छोड़ने वाले हैं शशि थरूर

अभी यह तो साफ नहीं है कि शशि थरूर का अगला कदम क्या होगा, लेकिन पार्टी के रुख से इतर बयान देकर उन्होंने यह तो साफ कर दिया है कि उनके मन में कुछ बड़ा चल रहा है। वहीं, दूसरी ओर शशि थरूर के इस रुख से कांग्रेस भी असहज है। वहीं, भाजपा इसे अवसर के तौर पर देख रही है। वहीं, राजनीति के जानकारों का कहना है कि शशि थरूर अपनी छवि एक ऐसे नेता के रूप में बनाने में लगे हैं, जो पार्टी से पहले देश हित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता को सर्वोपरि मानता है। ऐसे में देखना यह होगा कि कांग्रेस उनके इस बयान को लेकर क्या कदम उठाती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!