देश

VIDEO: 'जब कोई पूछे तुमसे पूछे क्या करते हो, क्या कमाते हो...', 'किंग खान' ने अनोखे अंदाज में किया जवानों की शहादत को सलाम

Shah Rukh Khan Viral Speech: मुंबई में आयोजित ग्लोबल पीस ऑनर्स 2025 में शाहरुख खान ने भावुक और प्रभावशाली भाषण दिया, जिसकी व्यापक चर्चा हो रही है। उन्होंने 26/11, पहलगाम आतंकी हमले और हाल ही में हुए दिल्ली विस्फोटों में मारे गए निर्दोष लोगों और शहीद सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंच से उन्होंने भारतीय सैनिकों के साहस को सलाम करते हुए कहा कि देश की रक्षा करने वाले जवान ही भारत की असली ताकत हैं।

Image

बॉलीवुड स्टार शाह रुख खान ने जवानों की शहादत को किया सलाम।(फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

Shah Rukh Khan: बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान ने मुंबई में ग्लोबल पीस ऑनर्स 2025 में शिरकत की। इस सम्मलेन में उन्होंने एक ऐसी शानदार भाषण दी है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। एक्टर ने भारतीय सैनिकों के साहस और बहादुरी को सलाम किया और 26/11 आतंकवादी हमले, पहलगाम आतंकवादी हमले और हाल ही में हुए दिल्ली बम विस्फोटों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा शेयर की गई वीडियो में देखा जा सकता है कि शाहरुख खान मंच से जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहते हैं, "26-11, पहलगाम में आतंकी हमला और हाल ही में हुए दिल्ली ब्लास्ट में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बेगुनाह लोगों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि और इन हमलों में शहादत पाने वाले हमारे वीर सुरक्षा कर्मियों को मेरा सादर नमन।"

उन्होंने आगे कहा,"आज देश के बहादुर सिपाहियों और जवानों के लिए मुझे कहा गया है ये चार लाइनें कहना जो बहुत ही खूबसूरत है। तो ध्यान से सुनिएगा प्लीज। जब कोई पूछे तुमसे कि क्या करते हो? जब कोई पूछे तुमसे कि क्या करते हो? तो सीना ठोक कर कहना मैं देश की रक्षा करता हूं। पूछे अगर कोई कि कितना कमा लेते हो? हल्के से मुस्कुरा कर कहना 140 करोड़ लोगों की दुआएं कमा लेता हूं। और अगर मुड़कर फिर भी पूछे तुमसे कि कभी डर नहीं लगता तो आंख से आंख मिलाकर कहना जो हम पे हमला करते हैं उनको लगता है। आज ग्लोबल पीस ऑनर्स के इस मौके पर मैं पूरे देश की तरफ से शहीदों के परिवारों को भी सलाम करता हूं। उन मांओं को सलाम करना चाहता हूं जिनकी कोख ने इन बहादुर बेटों को जन्म दिया। उनके पिता जी के जज्बे को सलाम करना चाहता हूं। उनके पार्टनर्स के हौसले को सलाम करना चाहता हूं क्योंकि जंग में वो थे पर लड़ाई आप सब ने भी लड़ी वो भी बेहद हिम्मत और जांबाजी के साथ।"

उन्होंने आगे कहा,"आप सबको मेरा दिल से सलाम इस देश के बारे में हमेशा कहा जाता है कि भारत कभी झुकता नहीं। हमें कोई रोक नहीं पाया है। हरा नहीं पाया है। हमारे अमन को हमसे छीन नहीं पाया है। क्योंकि जब तक इस देश के सुपर हीरोज़ द मैन इन यूनिफार्म गार्डिंग अस तब तक हमारे मुल्क से अमन और शांति को दूर करना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है। पीस इज अ ब्यूटीफुल थिंग। सारी दुनिया एक्चुअली इसी को खोजती है। इसी को पाने की कोशिश में लगी रहती है। शांति ही है। जो दुनिया को जो सारे बड़े-बड़े लोग जिसको खोजते हैं उसे पाना चाहते हैं। शांति से खूबसूरत कुछ नहीं क्योंकि शांति से ही विचार जागते हैं। बेहतर सोच जागती है। बेहतर रास्ता दिखाई देता है। नए आइडियाज दर्शाए जाते हैं। शांति ही सही मायनों में क्रांति है। एक बेहतर दुनिया के लिए। तो चलिए हम सब मिलकर शांति की ओर कदम बढ़ाएं। अपने आसपास जातपात, भेदभाव, तेरा मेरा भूलकर इंसानियत के रास्ते पर चलें। ताकि देश की शांति के लिए हमारे वीरों की शहादत व्यर्थ ना जाए। इफ वी हैव पीस अम्स अस नथिंग कैन शेक इंडिया, नथिंग कैन डिफीट इंडिया एंड नथिंग कैन ब्रेक द स्पिरिट ऑफ अस इंडियंस।"

नेशनल अवार्ड से नवाजे गए 'किंग खान'

हाल ही में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में शाहरुख खान को फिल्म 'जवान' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। यह उनके करियर का पहला राष्ट्रीय पुरस्कार है, जो उन्होंने विक्रांत मैसी के साथ साझा किया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article