Cold Wave: देश के कई राज्य इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। दिल्ली और बिहार में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है और आगे भी जारी रहने की उम्मीद है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में शीतलहर जारी रहेगी। उत्तर भारत के कई हिस्सों में 30-31 दिसंबर से कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है।
ठंड का प्रकोप बरकरार
उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप बरकरार रहा, हालांकि दिन में आसमान साफ होने और धूप खिलने की वजह से अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों में ठंड से अत्यधिक ठंड की स्थिति बरकरार रह सकती है। विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 10 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जबकि पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप जारी रहा और शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा-पंजाब में मौसम
हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि पंजाब के लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमशः 11.4 डिग्री सेल्सियस और 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग छह डिग्री कम रहा।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के गंगानगर में तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के बरेली में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग छह डिग्री कम 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
नॉर्थ ईस्ट तक कोहरा
अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी मैदानी इलाकों में शुक्रवार की सुबह कोहरे की परत छाई रही और यह पूर्वोत्तर तक फैल गई, जिससे दृश्यता कम हो गई। उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार पर कोहरे की एक परत दिखाई दी, जो पूर्वोत्तर भारत तक फैली हुई है। ओडिशा में भी कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा। आईएमडी ने कहा कि अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सुबह बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
बिहार का मौसम
बिहार में शुक्रवार को भी शीत लहर का प्रकोप जारी रहा और कई जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान गया में दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक, गया में तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, अगले चार से पांच दिन में पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान नौ से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
