देश

उत्तर कश्मीर में आतंकियों की साजिश को सुरक्षा बलों ने किया नाकाम; हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद

उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लोलाब क्षेत्र के पुटशाई जंगल में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। यह संयुक्त कार्रवाई सेना, बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर घने वन क्षेत्र में की।

उत्तर कश्मीर में आतंकी ठिकाना ध्वस्त

उत्तर कश्मीर में आतंकी ठिकाना ध्वस्त

उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। लोलाब क्षेत्र के पुटशाई जंगल में संयुक्त बलों ने एक छिपे हुए आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ कर उसे नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को घने वन क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों और ठिकाने की मौजूदगी को लेकर पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी के दौरान जंगल के भीतर बनाए गए एक गुप्त ठिकाने का पता चला, जिसे बाद में नष्ट कर दिया गया।

मौके से हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। इसमें 7.62 मिमी के 34 राउंड, 9 मिमी के 18 राउंड, एक पिस्टल मैगजीन, एक पाकिस्तान निर्मित ग्रेनेड, चार चीनी ग्रेनेड और एक एम्युनिशन पाउच शामिल हैं। बरामद सामग्री से साफ है कि आतंकवादी इलाके में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे।

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि इस ऑपरेशन से सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ और स्थानीय स्तर पर नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश को करारा झटका लगा है। फिलहाल पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आसपास किसी और आतंकी या ठिकाने की मौजूदगी न हो।

मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि यह ठिकाना किस आतंकी संगठन से जुड़ा था और इसका इस्तेमाल किन गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। आगे की जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

सुहैल नाजिर भट्ट
सुहैल नाजिर भट्ट author

<p><strong>सुहैल साहिल भट्ट को 8 साल का घाटी में रिपोर्टिंग का तजुर्बा है। राजनीति और कश्मीर के हर हलचल पर पैनी नजर।</strong></p>और देखें

End of Article