Kanwar Yatra 2023: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सूबे पहुंचे शिवभक्त कावड़ियों का धूमधाम से स्वागत किया। सीएम ने इस दौरान उनके चरण भी धोए। उन्होंने बाद में कहा कि आस्था और विकास से सनातन संस्कृति के संरक्षण का काम हो रहा है। इस यात्रा (कांवड़) के लिए हमारा सूबा पूरी तरह तैयार है। हमारी सरकार शिवभक्त कावड़ियों का सहयोगी बनकर कार्य कर रही है।
शनिवार (आठ जुलाई, 2023) को धामी ने हरिद्वार में गंगा घाट पर ओम पुल के पास हुए कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने वहां न सिर्फ कावड़ियों के चरण धोए बल्कि उन्हें सम्मान स्वरूप गंगाजल भेंट भी किया। आगे सीएम ने डामकोठी में पौधे रोप पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ कावड़ यात्रा का संदेश दिया।

CM Dhami with Kanwariya
उत्तराखंड पहुंचे कावड़ियों के स्वागत के बाद सीएम बोले कि हरिद्वार पूरे देश की श्रद्धा का केंद्र है। इस पवित्र जगह मां गंगा एवं भगवान भोलेनाथ का विशेष आशीर्वाद है। श्रावण मास में कावड़ यात्रा का विशेष महत्व है। राज्य सरकार को कावड़ियों का स्वागत करने का सौभाग्य मिला है। कावड़ियों की सेवा करना सभी के लिए पुण्य का काम है।
धामी के मुताबिक, राज्य सरकार ने कावड़ यात्रा के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य कैंप, शौचालय, पार्किंग, टीन शेड, विश्राम स्थल की पर्याप्त व्यवस्था की है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष व्यवस्थाओं को और अधिक सुधारा गया है। पिछले वर्ष कावड़ यात्रा में करीब चार करोड़ कावड़िए उत्तराखंड आए। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में कांवड़ियों के उत्तराखंड आने का अनुमान है। शासन-प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
कार्यक्रम में सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मदन कौशिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक आदेश चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।
