'दिल्ली गैस चैंबर में तब्दील हो चुकी है, लेकिन इस पर चर्चा नहीं'; प्रदूषण को लेकर सौरभ भारद्वाज और संजय सिंह ने बोला सीएम पर हमला
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Dec 15, 2025, 09:40 PM IST
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज और संजय सिंह ने दिल्ली की भाजपा सरकार और सीएम रेखा गुप्ता पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दिल्ली सरकार यहां प्रदूषण को कम करने में फेल साबित हुई है और अब इस पर राजनीति कर रही है।
सौरभ भारद्वाज, 'आप' नेता
दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण लगातार अपने ही रिकॉर्ड तोड़ता जा रहा है। सोमवार को भी यहां धुंध छाई रही। दिल्ली में आज वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 498 दर्ज किया गया, यह सूचकांक ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। दिल्ली के 38 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई ,जबकि दो केंद्रों पर यह ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। इस बीच, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज और संजय सिंह ने दिल्ली की भाजपा सरकार और सीएम रेखा गुप्ता पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दिल्ली सरकार यहां प्रदूषण को कम करने में फेल साबित हुई है और अब इस पर राजनीति कर रही है।
सौरभ भारद्वाज ने कसा करारा तंज
सौरभ भारद्वाज ने सीएम रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि इस समय दिल्ली का बहुत बुरा हाल है। इस बीच रेखा गुप्ता मेसी के कार्यक्रम में पहुंची थीं, जहां उनको देखते ही लोग नारे लगाने लगे AQI...AQI...AQI। उन्होंने दावा किया कि इस बीच कई लोग तो सीएम को लेकर ये भी कह रहे थे कि ये क्यों आई...ये क्यों आई....ये क्यों आई। उन्होंने कहा कि आज राजधानी की इतनी बुरी स्थिति है कि लोगों को लगता है कि जो मुख्यमंत्री AQI नहीं बोल सकती उसको AIQ बोलती हैं, IQ बोलती हैं QQ बोलती हैं, ऐसी मुख्यमंत्री क्या ही करेंगी ये बड़ा सवाल है।
संजय सिंह ने भी बोला हमला
वहीं, आप नेता संजय सिंह ने भी दिल्ली के हालात को लेकर सीएम रेखा गुप्ता और केंद्र सरकार पर तगड़ा हमला बोला है। उन्होंने कई मुद्दों पर सवाल करते हुए घेरा। संजय सिंह ने कहा कि भारत में हर साल प्रदूषण के कारण लगभग 20 लाख लोगों की मौत हो जाती है। दिल्ली गैस चैंबर में तब्दील हो चुकी है। AQI का स्तर 1,000 के पार चला गया है। रुपये की कीमत लगातार गिर रही है, देश पर कर्ज़ 200 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। चीन लगातार घुसपैठ कर रहा है। अमेरिका 50 प्रतिशत टैरिफ लगाकर रोज़ भारत को अपमानित कर रहा है। किसान एक बोरी खाद तक नहीं पा रहे हैं। क्या संसद में इन गंभीर समस्याओं पर चर्चा और समाधान नहीं होने चाहिए? केंद्र सरकार संसद में इन मुद्दों पर एक मिनट की चर्चा करने को तैयार नहीं है।
दिल्ली सरकार ने पांचवीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन करने के निर्देश दिए
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सोमवार को स्कूलों को कक्षा पांचवीं तक के छात्रों के लिए ‘हाइब्रिड मोड’ से ‘ऑनलाइन मोड’ में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और गैर-सरकारी मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के छात्रों के लिए कक्षाएं अगले आदेश तक बंद कर दी गई हैं।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने वकीलों को हाइब्रिड मोड अपनाने की सलाह दी
साथ ही दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी सोमवार को भौतिक रूप से पेश होने वाले वकीलों और पक्षकारों को मामलों की सुनवाई के लिए ‘हाइब्रिड मोड’ में पेश होने की सलाह दी।
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक सोमवार को 427 के साथ 'गंभीर' श्रेणी में रहा। रविवार को यह 461 के साथ दिसंबर माह के दूसरे सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली के 27 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता 'गंभीर' थी, जिनमें से 12 केंद्र पर गुणवत्ता 'अत्यंत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। वज़ीरपुर में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही, जहां यह 475 दर्ज की गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।