देश

राघव चड्ढा सहित तीनों सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग, AAP में फूट के बाद संजय सिंह बोले- सभापति को लिखूंगा पत्र

Raghav Chadha Quit AAP: आम आदमी पार्टी राघव चड्ढा के खिलाफ एक्शन के मूड में नजर आ रही है। आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने कहा कि मैं राज्यसभा सभापति को पत्र लिखूंगा।

Image

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह (फोटो साभार: @SanjayAzadSln)

Photo : Twitter

Raghav Chadha Quit AAP: आम आदमी पार्टी राघव चड्ढा के खिलाफ एक्शन के मूड में नजर आ रही है। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक के खिलाफ राज्यसभा सभापति को एक पत्र सौंपा जाएगा। इस पत्र के जरिए, राज्यसभा सभापति से राघव चड्ढा सहित तीनों सांसदों को राज्यसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने की मांग की जाएगी।

राघव चड्ढा को अयोग्य घोषित करने की मांग

संजय सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मैं माननीय राज्यसभा सभापति को एक पत्र प्रस्तुत करूंगा, जिसमें राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक को भाजपा (BJP) में शामिल होने के कारण राज्यसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने की मांग की जाएगी, क्योंकि यह संविधान की दसवीं अनुसूची के अंतर्गत स्वेच्छा से अपनी पार्टी की सदस्यता त्यागने के समान है।''

'पंजाब की जनता नहीं करेगी माफ'

इससे पहले, संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्यों के दलबदल की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे भाजपा द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन लोटस' का हिस्सा करार दिया और कहा कि पंजाब की जनता पार्टी छोड़ने वाले सात सदस्यों को कभी माफ नहीं करेगी।

उन्होंने ने पार्टी पर पंजाब में भगवंत मान सरकार के अच्छे कार्यों में बाधा डालने की साजिश रचने का आरोप लगाया। संजय सिंह ने कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी को धोखा देने वाले सांसदों को कभी माफ नहीं करेगी।

BJP में शामिल हुए राघव चड्ढा

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी को झटका देते हुए भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राघव चड्ढा को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान, राघव चड्ढा के साथ अशोक मित्तल और संदीप पाठक भी भाजपा में शामिल हुए।

चड्ढा के इस्तीफे से केजरीवाल भड़के

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ने एक बार फिर पंजाब की जनता के साथ धोखा किया है।केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भाजपा ने एक बार फिर पंजाबियों के साथ धोखा किया है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article