देश

राहुल पर संबित पात्रा का हमला, बोले-सदन के अंदर जाति पूछना 'अपमानजनक' है तो इसे लोगों से कैसे पूछा जा सकता है?

Sambit Patra attacks Rahul Gandhi: भाजपा नेता संबित पात्रा ने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार में हलवा सेरेमनी में अधिकारियों की जाति पूछी गई। राहुल गांधी प्रशासनिक अधिकारियों, जजों और पत्रकारों की जाति पूछते हैं। राहुल सैनिकों की जाति पूछते हैं।

KEY HIGHLIGHTS
  • संसद में जाति के ऊपर दिए गए भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के बयान पर राजनीति गरमा गई है
  • कांग्रेस ने इसे राहुल का अपमान बताया है, राहुल ने कहा कि वह भाजपा से माफी की मांग नहीं करेंगे
  • भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि संसद में किसी की जाति पूछना अपमान कैसे हो सकता है

Sambit Patra attack Rahul Gandhi: भाजपा नेता अनुराग ठाकुर के जाति वाले बयान पर राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जाति को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर पलटवार किया। भाजपा नेता संबित पात्रा ने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार में हलवा सेरेमनी में अधिकारियों की जाति पूछी गई। राहुल गांधी प्रशासनिक अधिकारियों, जजों और पत्रकारों की जाति पूछते हैं। राहुल सैनिकों की जाति पूछते हैं। बता दें कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि कुछ लोग जातिगत जनगणना की मांग करते हैं लेकिन उनकी खुद की जाति क्या है, पता नहीं।

'राहुल गांधी न तो साधु हैं और न ही ज्ञानी हैं'

पात्रा ने कहा कि हम पहली बार के सांसद हैं। लोकसभा में पीछे बैठते हैं लेकिन भद्रता, नम्रता और शीलता नाम की कोई चीज होती है। राहुल गांधी जींस-टीशर्ट पहनकर और दोनों हाथ जेब में डालकर आते हैं। वह अहंकार की चाल चलते हैं। उनके हाव-भाव में ही घमंड झलकता है। भाजपा सांसद ने कबीर के दोहे का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने तो साधु हैं और न ही ज्ञानी हैं।

जातिवादी गाली को सुनने के लिए तैयार-खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा राहुल गांधी को लेकर की गई एक टिप्पणी के बाद मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी किसी भी जातिवादी गाली को सुनने के लिए तैयार है, लेकिन जाति जनगणना कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कुछ टिप्पणी की जिस पर कांग्रेस और सहयोगी दलों के सदस्य हंगामा करने लगे।

आपत्तिजनक बातें रिकॉर्ड से निकाल देंगे-पाल

पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने कहा कि अगर कुछ आपत्तिजनक है तो उसे रिकॉर्ड से हटा दिया जाएगा। खरगे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "हां, मैं भारतीय हूं और दलित हूं, लेकिन मुझे नहीं पता कि हम कितने हैं। हां , मैं आदिवासी हूं, लेकिन मुझे नहीं पता कि हम कितने हैं। हां, मैं ओबीसी हूं, लेकिन मुझे नहीं पता कि हम कितने हैं। आज हम सभी को यह आंकने की ज़रूरत है कि इस देश की तरक़्क़ी में हमारी कितनी भागीदारी है। "

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article