Rajkumar Bhati FIR: समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर नोएडा के थाना सेक्टर-24 में FIR दर्ज की गई है। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद सामने आया, जिसके बाद ब्राह्मण समाज और कई संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय परशुराम परिषद और परशुराम स्वाभिमान सेना की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई थी। IT सह संयोजक सुशील पंडित समेत अन्य लोगों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाद बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में लोग थाना सेक्टर-24 पहुंचे और राजकुमार भाटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जताई।
राजकुमार भाटी ने मांगी माफी
विवाद गहराने के बाद राजकुमार भाटी ने सोशल मीडिया के जरिए माफी भी मांगी है। हालांकि विरोध कर रहे संगठनों का कहना है कि सिर्फ माफी से मामला खत्म नहीं होगा और कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल थाना सेक्टर-24 पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।
गाजियाबाद में भी मुकदमा दर्ज
इस विवाद के चलते, एक दिन पहले ही कवि नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता अजय शर्मा की शिकायत पर भाटी के खिलाफ एक अलग FIR दर्ज की जा चुकी थी। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1) के तहत दर्ज किया गया था, जिसमें उन पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने का आरोप था। बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में, भाटी को ब्राह्मणों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए सुना गया है, जिससे समुदाय के सदस्यों में भारी आक्रोश फैल गया और राजनीतिक विरोध भी शुरू हो गया।
