देश

'Sayoni Ghosh का सिर कलम करने पर 1 करोड़ का इनाम...', BJP नेता के बयान पर मचा सियासी बवाल; TMC सांसद ने PM से क्या की अपील?

Saayoni Ghosh: उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद के नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप दीक्षित का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में कथित तौर पर वे सायोनी घोष का “सिर कलम करने” वाले को 1 करोड़ रुपये देने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। सायोनी घोष ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ओम बिरला और सुवेंदु अधिकारी को टैग कर सवाल उठाए हैं।

Image

भाजपा नेता और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित ने सायोनी घोष को लेकर की विवादित टिप्पणी। sayoni ghosh insta handle

Saayoni Ghosh: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद से भाजपा नेता और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित के एक बयान पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। दरअसल, प्रदीप दीक्षित का सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद सायोनी घोष का 'सिर कलम करने' वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा वाला वीडियो वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद सायोनी घोष ने खुद सोशल मीडिया पर इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और केंद्र सरकार व भाजपा नेतृत्व को कटघरे में खड़ा किया है। सांसद सायोनी घोष ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी को टैग करते हुए सवाल उठाया है कि क्या नए भारत में एक महिला सांसद के खिलाफ ऐसा हिंसक फतवा जारी करना ही 'नारी शक्ति वंदन' का असली विचार है?

मुझे डराकर चुप नहीं कराया जा सकता: सायोनी घोष

सायोनी घोष ने एक्स (X) पर पोस्ट साझा कर अपने गुस्से और चिंता को व्यक्त करते हुए लिखा, "मैं सिकंदराबाद (यूपी) के नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा नेता द्वारा मेरा सिर काटने पर 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की सार्वजनिक घोषणा को देखकर स्तब्ध हूं। यह धमकी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और मुख्यधारा की मीडिया में भी इसकी रिपोर्टिंग हुई है।"

उन्होंने आगे लिखा, "जहां एक तरफ भाजपा नेतृत्व ने महिला सुरक्षा और उनके प्रतिनिधित्व को चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाया, वहीं अब उनकी ही पार्टी के एक निर्वाचित प्रतिनिधि द्वारा एक महिला सांसद को सरेआम मौत की धमकी दी जा रही है। मैं उत्तर प्रदेश पुलिस, बुलंदशहर पुलिस और कोलकाता पुलिस से इस मामले में तत्काल कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई की मांग करती हूं। चिंता जताने वाले सभी शुभचिंतकों को धन्यवाद, लेकिन स्पष्ट कर दूं कि मैं संसद के अंदर और बाहर अपनी लोकतांत्रिक आवाज उठाती रहूंगी और मुझे डराकर चुप नहीं कराया जा सकता।"

क्या है पूरा मामला और विवाद की वजह?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिकंदराबाद में हिंदू संगठनों द्वारा हिंदू देवी-देवताओं के कथित अपमान के खिलाफ एक विरोध मार्च निकाला गया था। यह विरोध सायोनी घोष के साल 2015 के एक पुराने और विवादित सोशल मीडिया पोस्ट (शिवलिंग से जुड़े) को लेकर था, जो हाल के चुनावों के दौरान दोबारा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। (इस पर सायोनी पूर्व में स्पष्टीकरण दे चुकी हैं कि साल 2015 में उनका अकाउंट हैक हुआ था और उन्होंने इसे तुरंत डिलीट कर दिया था)।

इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता प्रदीप दीक्षित का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्हें कथित तौर पर यह कहते सुना गया कि "जो कोई भी सायोनी घोष का कटा हुआ सिर लाएगा, उसे मेरी तरफ से 1 करोड़ रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।"

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article