देश

राज्यसभा के लिए आज गांधीनगर में पर्चा भरेंगे एस जयशंकर, अगस्त में खत्म हो रहा कार्यकाल

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jul 10, 2023, 09:13 AM IST

S Jaishankar News: पश्चिम बंगाल से डेरेक ओ ब्रायन और गुजरात से एस जयशंकर का कार्यकाल पूरा होने से यहां सीटें खाली हो रही हैं। आयोग का कहना है कि राज्यसभा की सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। मतों की गिनती 24 जुलाई को होगी। गोवा की एक सीट पर चुनाव होगा।

Image

राज्यसभा के लिए नामांकन दायर करेंगे एस जयशंकर।

Photo : PTI

S Jaishankar : विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार को गुजरात से राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वह गांधीनगर में अपना पर्चा भरेंगे। चुनाव आयोग ने गोवा, गुजरात और पश्चिम बंगाल की 10 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की है। इन 10 सीटों पर चुनाव 24 जुलाई को होगा। EC का कहना है कि इन तीन राज्यों से आने वाले 10 सदस्यों का कार्यकाल जुलाई और अगस्त में समाप्त हो रहा है। रविवार को अहमदाबाद पहुंचने पर जयशंकर का भव्य स्वागत हुआ।

मतों की गिनती 24 जुलाई को होगी

पश्चिम बंगाल से डेरेक ओ ब्रायन और गुजरात से एस जयशंकर का कार्यकाल पूरा होने से यहां सीटें खाली हो रही हैं। आयोग का कहना है कि राज्यसभा की सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। मतों की गिनती 24 जुलाई को होगी। गोवा की एक सीट पर चुनाव होगा। इस सीट से विनय डी तेंदुलकर 28 जुलाई को रिटायर हो जाएंगे।

अहमदाबाद में जयशंकर का हुआ स्वागत

भाजपा की गुजरात इकाई के महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला ने कहा कि जयशंकर, जिनका कार्यकाल गुजरात के दो अन्य राज्यसभा सदस्यों के साथ 18 अगस्त को समाप्त हो रहा है, सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने वाले हैं। अहमदाबाद हवाई अड्डे पर मंत्री राघवजी पटेल, अहमदाबाद के महापौर किरीट परमार समेत भाजपा के अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने जयशंकर का स्वागत किया।

गुजरात में उम्मीदवार नहीं उतारेगी कांग्रेस

भाजपा ने आधिकारिक तौर पर उन तीन राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है, जिनके लिए 24 जुलाई को चुनाव होने हैं। हालांकि, जयशंकर का नामांकन निश्चित था। कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा था कि वह गुजरात की तीन राज्यसभा सीट के लिए होने वाले चुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारेगी क्योंकि 182 सदस्यीय विधानसभा में उसके पास पर्याप्त विधायक नहीं हैं। गुजरात में पिछले साल के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रिकॉर्ड 156 सीट हासिल की थी।

टीएमसी के ये सदस्य भी होंगे रिटायर

जयशंकर साल 2019 में गुजरात से ही चुनकर राज्यसभा पहुंचे। इस चुनाव में उन्हें 104 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के गौरव पांडया को 70 वोट मिले। गुजरात में विधानसभा की 183 सीटों में भाजपा ने 156 सीटों पर जीत दर्ज की है। बंगाल में डेरेक के अलावा डोला सेन, प्रदीप भट्टाचार्य, सुष्मिता देव, शांता छेत्री, सुखेंदु शेखर रे का कार्यकाल 18 अगस्त को समाप्त हो रहा है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article