S Jaishankar Assets : विदेश मंत्री एस जयशंकर की संपत्ति के बारे में जानकारी सामने आई है। बीते चार सालों में विदेश मंत्री और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 29.4 फीसदी बढ़ी है। विदेश मंत्री बीते चार सालों से राज्यसभा के सदस्य हैं। इस दौरान उन्होंने नई दिल्ली के वसंत विहार में एक मकान खरीदा है। जयशंकर की संपत्ति के बारे में यह जानकारी उनके हलफनामे के जरिए सामने आई है। जयशंकर और उनकी पत्नी के विदेशों में भी बैंक खाते हैं।
दिल्ली में हैं दो संपत्तियां
बता दें कि गत सोमवार को उन्होंने गुजरात से राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। अपने हलफनामे में विदेश मंत्री ने बताया है कि दिल्ली में एक नए मकान सहित उनकी दो संपत्तियां हैं। उनके पास जो संपत्तियां हैं उनकी कीमत 20.09 करोड़ रुपए हैं। हलफनामे के मुताबिक शिमला में 1.5 एकड़ की एक कृषि भूमि भी उनके नाम है।
साल 2019 में जयशंकर ने जो अपना हलफनामा दिया था, उसके मुताबिक उनके पास 15.52 करोड़ रुपए मूल्य की निजी संपत्ति थी।
आय का मुख्य जरिया वेतन और किराया
जयशंकर ने अपनी आय के जरिए के बारे में भी जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि उनका आय का मुख्य जरिया वेतन और किराए से मिलने वाली रकम है। उनकी पत्नी कोयोको सोमेकावा जयशंकर जो कि दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट एवं जीएमआर हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए कंसलटेंट के तौर पर काम करती हैं, इससे उन्हें आय होती है। जयशंकर की पत्नी पर 1.12 लाख रुपए का जीएसटी भी बकाया है।
विदेशी बैंकों में भी खाते
अचल संपत्तियों के अलावा जयशंकर के पास आभूषण हैं और सिंगापुर, टोक्यो और वाशिंगटन के बैंक खातों में पैसे जमा हैं। इन खातों की रकम में भी इजाफा हुआ है। हालांकि, इनकी पत्नी के विदेशी खातों में कमी आई है। पहले यह रकम 29.12 लाख रुपए थी जो कि 2023 में घटकर 24.46 लाख रुपए हो गई। जयशंकर की पत्नी के बैंक खाते वाशिंगटन डीसी और टोक्यो में हैं।
