देश

India Russia: जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री लावरोव से की वार्ता, व्यापार व भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर के साथ मुलाकात की।

Image

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पहुंचे भारत

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को बदलते भू-राजनीतिक तनावों के बीच ऊर्जा और व्यापार में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने को लेकर ’सार्थक’ वार्ता की।जयशंकर ने लावरोव से उस समय मुलाकात की, जब वह बृहस्पतिवार से शुरू होने वाली ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली पहुंचे।सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया संकट और यूक्रेन संघर्ष पर भी विचार-विमर्श किया।

इस बैठक में भाग लेने के लिए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा और दक्षिण अफ्रीका के अंतरराष्ट्रीय संबंध मंत्री ओज़ी लामोला समेत कई नेता पहले ही राष्ट्रीय राजधानी पहुंच चुके हैं।

जयशंकर ने कहा, 'हमारी बातचीत में भारत-रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के कई पहलुओं पर चर्चा हुई।' उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने व्यापार और निवेश, ऊर्जा, संपर्क, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा कौशल और प्रतिभा की आवाजाही को सुगम बनाने जैसे मुद्दों पर भी विचार किया। विदेश मंत्री ने कहा, 'आपसी हित से जुड़े अन्य वैश्विक और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई।'

'दोनों नेता मौजूदा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे'

इससे पहले रूस के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों नेता मौजूदा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

बयान में कहा गया, 'पश्चिम एशिया की स्थिति पर विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।' मंत्रालय के अनुसार दोनों मंत्री द्विपक्षीय सहयोग के कई प्राथमिक क्षेत्रों पर भी चर्चा करेंगे। इनमें व्यापार विस्तार, परिवहन, साजो-सामान और बाहरी दबाव से परे वित्तीय लेनदेन, ऊर्जा सहयोग तथा विज्ञान एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में सहयोग बढ़ाना शामिल है।

बयान में कहा गया कि दोनों मंत्री दिसंबर 2025 में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के दौरान हुए समझौतों के क्रियान्वयन, रूस में दोनों देशों के नेताओं के बीच होने वाली आगामी वार्ता की तैयारियों तथा व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर अंतर-सरकारी आयोग की अगली बैठक पर ध्यान केंद्रित करेंगे। बयान में कहा गया, 'रूस और भारत की स्वतंत्र तथा जिम्मेदार विदेश नीतियां वैश्विक सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण कारक हैं।'

'भारत के साथ ऊर्जा आपूर्ति संबंधी सभी समझौतों का पालन करेगा रूस'

इससे पहले रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि रूस अनुचित प्रतिस्पर्धा के बावजूद भारत के साथ ऊर्जा आपूर्ति संबंधी समझौतों को पूरा करेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देशों के बीच संबंध मित्रता पर आधारित हैं और ऐसी कोई स्थिति नहीं है जिसमें उनके रास्ते अलग हो जाएं।नयी दिल्ली की अपनी यात्रा से पहले 'रशिया टुडे-इंडिया' को दिए एक साक्षात्कार में, लावरोव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह दुनिया के सबसे ऊर्जावान नेताओं में से एक हैं।उन्होंने कहा, 'मैं यह गारंटी दे सकता हूं कि रूसी आपूर्ति के संबंध में भारत के हितों को कोई नुकसान नहीं होगा। हम यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे कि यह अनुचित और बेईमानी भरी प्रतिस्पर्धा हमारे समझौतों को क्षति न पहुंचाए।' लावरोव ने इस बात पर जोर दिया कि ऊर्जा आपूर्ति के मामले में रूस भारत या किसी अन्य के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करने में कभी भी विफल नहीं रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी 'दुनिया के सबसे ऊर्जावान नेताओं में से एक हैं'

उन्होंने कहा, 'कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र हमारी प्रमुख परियोजना है। यह भारत की जरूरतों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पूरा करता है।' लावरोव ने कहा, 'इस परमाणु संयंत्र के लिए नयी विद्युत इकाइयों के निर्माण पर सहयोग जारी है। फिर भी, भारत को और अधिक की आवश्यकता है। हम गैस, तेल और कोयला जैसे हाइड्रोकार्बन की आपूर्ति जारी रखे हुए हैं।' तमिलनाडु में रूस की प्रौद्योगिकी सहायता से कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र का निर्माण किया जा रहा है। इसका निर्माण मार्च 2002 में शुरू हुआ था। फरवरी 2016 से, कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र की पहली इकाई अपनी 1,000 मेगावाट की डिज़ाइन क्षमता पर लगातार काम कर रही है।रूस के सरकारी मीडिया के अनुसार, संयंत्र के 2027 में पूरी क्षमता से काम शुरू करने की उम्मीद है। लावरोव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 'दुनिया के सबसे ऊर्जावान नेताओं में से एक हैं।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Ravi Vaish
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article