देश

बिहार में यात्राओं की 'बहार', अब तेजस्वी यादव की 'बिहार अधिकार यात्रा', आज जहानाबाद में पहला कार्यक्रम

यात्रा शुरू करने से पहले मंगलवार को पटना में मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि 'वोटर अधिकार यात्रा' में जो जिले छूट गए, उन जिलों को इस यात्रा में शामिल किया जा रहा है। तेजस्वी ने कहा कि इस यात्रा का पहला कार्यक्रम जहानाबाद में और दूसरा नालंदा में होगा। राजद नेता ने कहा कि वह एक 'नया बिहार' बनाएंगे।

Image

तेजस्वी यादव ने शुरू की 'बिहार अधिकार यात्रा'। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Bihar Adhikar Yatra : बिहार में कांग्रेस की 'वोटर अधिकार यात्रा' के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव यात्रा पर निकले हैं। उनकी इस यात्रा का नाम 'बिहार अधिकार यात्रा' है। यात्रा शुरू करने से पहले मंगलवार को पटना में मीडिया से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि 'वोटर अधिकार यात्रा' में जो जिले छूट गए, उन जिलों को इस यात्रा में शामिल किया जा रहा है। तेजस्वी ने कहा कि इस यात्रा का पहला कार्यक्रम जहानाबाद में और दूसरा नालंदा में होगा। राजद नेता ने कहा कि वह एक 'नया बिहार' बनाएंगे।

हम ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर निकल रहे हैं -तेजस्वी

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, 'आज से हम ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर निकल रहे हैं और जिन जिलों को पहले शामिल नहीं किया गया था, उन्हें इस बार कवर करेंगे। नए संकल्प के साथ नया बिहार बनाने के लिए, बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी को खत्म करने के लिए, किसानों और मजदूरों के सम्मान के लिए, माताओं-बहनों की सुरक्षा के लिए और बिहार में कारखाने व उद्योग स्थापित करने के संकल्प के साथ हम यह यात्रा शुरू कर रहे हैं।'

जहानाबाद में पहला कार्यक्रम

तेजस्वी ने कहा कि पहला कार्यक्रम जहानाबाद में होगा और इसके बाद आज ही नालंदा जिले में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बहुत से लोगों की यह अपेक्षा थी कि हम शेष जिलों में भी यात्रा निकालें।

पहले चरण का समापन 20 सितंबर को

इस यात्रा के पहले चरण का समापन 20 सितंबर को वैशाली में होगा। संयोगवश, यादव का अपना निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर वैशाली जिले में आता है। साथ ही महुआ भी वैशाली जिले में आता है, जहां से पहले उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव विधायक थे। तेज प्रताप ने अपने पिता एवं राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा पार्टी से निष्कासित किये जाने के बाद फिर से इस सीट से चुनाव लड़ने की बात कही है। पांच दिनों तक जारी रहने वाले पहले चरण में पटना, खगड़िया, मधेपुरा, सुपौल, सहरसा और समस्तीपुर जैसे अन्य जिले शामिल होंगे।

...इसलिए बनाई 'बिहार अधिकार यात्रा' की योजना

पूर्व उप-मुख्यमंत्री यादव ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने कहा, ‘वोटर अधिकार यात्रा के बाद, जिसे आप सभी ने अपना समर्थन दिया था, कृपया बिहार अधिकार यात्रा में हमारे साथ जुड़ें। यह तेजस्वी के बारे में नहीं है। यह एक नये दृष्टिकोण के बारे में है, जो बेरोजगारों के लिए रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।’इस बीच, राजग सूत्रों ने दावा किया कि हाल ही में संपन्न वोटर अधिकार यात्रा के दौरान यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की स्पष्ट अनिच्छा पर अपनी नाराजगी दर्ज कराने के लिए राजद ने 'बिहार अधिकार यात्रा' की योजना बनाई है।

राज्य में एक पखवाड़े की यात्रा पर रहे राहुल

राज्य के 25 जिलों की एक पखवाड़े लंबी यात्रा में गांधी के साथ शामिल हुए यादव ने लोगों से कांग्रेस नेता को 'अगला प्रधानमंत्री' बनाने का आग्रह किया था। हालांकि, यादव के करीबी सहयोगी एवं राज्यसभा सदस्य संजय यादव ने कहा, 'वोटर अधिकार यात्रा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान गलत तरीके से लोगों के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर थी। बिहार अधिकार यात्रा हमारे युवा नेता के लिए जनता से सीधा संपर्क करने का एक और अवसर होगा, जो उनकी खासियत रही है।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!