देश

'असली कातिल सड़क नहीं, गैरजिम्मेदार सत्ता', जनकपुरी मौत मामले को लेकर भड़के राहुल; ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज

Delhi Janakpuri Accident: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे हत्या करार दिया है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में फैली लालच और लापरवाही की महामारी आज फिर एक युवा की जान ले गई।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

Delhi Janakpuri Accident: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह एक गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। इस मामले को लेकर देशभर में सियासत गर्मायी हुई है। इस बीच, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे हत्या करार दिया है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में फैली लालच और लापरवाही की महामारी आज फिर एक युवा की जान ले गई।

राहुल गांधी ने क्या कुछ कहा?

राहुल गांधी ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदुस्तान में फैली लालच और लापरवाही की महामारी आज फिर एक युवा की जान ले गई। राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हिंदुस्तान में फैली लालच और लापरवाही की महामारी आज फिर एक युवा की जान ले गई। एक बेटा, एक सपना, मां-बाप की पूरी दुनिया- सब कुछ एक झटके में उजाड़ दिया गया। यह हादसा नहीं, हत्या है और हत्यारी है जवाबदेही से भागती सत्ता।''

कांग्रेस नेता ने कहा, ''असली कातिल सड़क नहीं, गैरजिम्मेदार सत्ता है, क्योंकि यहां न इस्तीफा होता है, न सजा मिलती है, न किसी की अंतरात्मा जागती है। इंदौर का जहरीला पानी, नोएडा में युवराज की जान लेने वाली सड़क, गिरते पुल, टकराती ट्रेनें, दम घोंटता प्रदूषण...कोई जवाबदेही नहीं है। और जब तक जवाबदेही नहीं होगी, तब तक कोई न कोई लालच की महामारी का अगला शिकार बनता रहेगा।।''

इंजीनियर संस्पेंड, FIR दर्ज

बता दें कि जनकपुरी हादसे में जल बोर्ड के तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि दिल्ली पुलिस ने ठेकेदार और दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

जांच समिति गठित

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड ने एक मोटरसाइकिल सवार की मौत के मामले में जांच के लिए समिति गठित की है। प्रवेश वर्मा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''दिल्ली जल बोर्ड ने घटना की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति को दुर्घटनास्थल का तुरंत निरीक्षण करने और सुरक्षा व्यवस्था, अवरोधक, संकेतक (साइनबोर्ड) और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article