देश

राजनाथ की अपने अमेरिकी समकक्ष हेगसेथ से हुई बात, आतंक के खिलाफ लड़ाई में समर्थन देने के लिए 'धन्यवाद' दिया

फोन पर बातचीत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग का भी जायजा लिया। सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और गहरा करने तथा क्षमता निर्माण में सहयोग को मजबूत करने के लिए चल रही एवं नयी पहलों की समीक्षा करने के लिए उत्कृष्ट चर्चा हुई।’

Image

फोन पर दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत।

Rajnath Singh : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को अपने अमेरिकी समकक्ष पीट हेगसेथ से फोन पर बातचीत की। अधिकारियों ने बताया कि इस बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत और अमेरिका के बीच चल रहे रक्षा सहयोग को मजबूती देने के लिए जारी एवं आने वाले पहलों की समीक्षा की। भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले संघर्ष के बाद दोनों रक्षा मंत्रियों के बीच यह पहली बातचीत है। इस बातचीत के दौरान सिंह ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत का समर्थन करने के लिए अमेरिका को धन्यवाद दिया।

भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग का जायजा लिया

फोन पर बातचीत में सिंह और हेगसेथ ने भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग का भी जायजा लिया। सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और गहरा करने तथा क्षमता निर्माण में सहयोग को मजबूत करने के लिए चल रही एवं नयी पहलों की समीक्षा करने के लिए उत्कृष्ट चर्चा हुई।’

राजनाथ ने कहा-जल्द मिलने के लिए उत्सुक हूं

उन्होंने कहा, ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को अमेरिका द्वारा दिए गए अटूट समर्थन की मैंने सराहना की। जल्द ही उनसे मिलने के लिए उत्सुक हूं।’ यह भारत और पाकिस्तान के बीच 7-10 मई को हुए सैन्य संघर्ष के बाद सिंह और हेगसेथ के बीच पहली फोन वार्ता थी।

दोनों देशों के बीच नई ऊंचाई पर है रक्षा सहयोग

भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग अब तक के अपने सबसे अधिक ऊंचाई पर हैं। दोनों देश रणनीतिक भागीदार हैं। हाल के वर्षों में भारत ने कई आधुनिक रक्षा उपकरण एवं हथियार अमेरिका से खरीदे हैं। अमेरिका से भारत ने प्रिडेटर ड्रोन, अपाचे हेलिकॉप्टर और परिवहन विमान सी-हरक्युलिस खरीदे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपना स्टील्थ फाइटर प्लेन एफ-35 बेचने की पेशकश कर चुके हैं लेकिन भारत ने इसे खरीदने में अपनी दिलचस्पी नहीं दिखाई है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article