Raipur News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को नए साल के मौके पर खुशखबरी मिली है। वह दादा बन गए हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री की बहू ख्याति ने बेटे को जन्म दिया है। ख्याति शास्त्री नगर स्थित बीएम शाह अस्पताल में भर्ती है। दादा बनने की जानकारी भूपेश बघेल ने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। साथ ही पोते के पैदा होने पर अपनी खुशी भी जाहिर की है। भूपेश बघेल ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पोते की तस्वीरों को शेयर किया है।
उन्होंने तस्वीरों के साथ अपने ट्वीट में लिखा, 'मैं दादा बन गया... पोता हुआ है।' सोशल मीडिया पर भूपेश बघेल के पोते की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। मुख्यमंत्री के समर्थक और अन्य लोग उन्हें दादा बनने पर बधाई दे रहे हैं। बघेल की बहू को मंगलवार को शास्त्री नगर स्थित बीएम शाह अस्पताल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर में सुबह 8 बजे के करीब भर्ती कराया गया था।
इतने बजे मुख्यमंत्री के पोते का हुआ जन्म
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक ख्याति ने मंगलवार सुबह करीब 9:42 बजे बेटे को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री की बहू और पोते की देखरेख अस्पताल में शिशु रोग चिकित्सक भूपेंद्र, महिला चिकित्सक डॉ. नम्रता भुसारी और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ नीरज के नेतृत्व में की जा रही है। आपको बता दें कि भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की शादी पिछले साल फरवरी में ख्याति वर्मा से हुई थी। मुख्यमंत्री के बेटे की शादी काफी सुर्खियों में रही थी। इस शादी में देश की कई बड़ी हस्तियों ने हिस्सा लिया था।
जानें मुख्यमंत्री की बहू ख्याति के बारे में
मुख्यमंत्री की बहू ख्याति वर्मा ने बीकॉम से ग्रेजुएशन करने के बाद एमबीए की पढ़ाई की है। वह एक इंटरनेशनल प्राइवेट बैंक के बड़े पद पर हैं। हालांकि ख्याति वर्मा चैतन्य बघेल से शादी करने से पहले किसी भी तरह के राजनीतिक परिवार से संबंध नहीं रखती थीं। वह एक साधारण कृषक परिवार से हैं। अब बेटे होने के बाद ख्याति वर्मा के घर पर खुशी का माहौल है। हर कोई उन्हें बधाई देने के लिए अस्पताल और घर पर आ रहा है।
