देश

बंगाल में सफर को मिलेगी रफ्तार, न्यू जलपाईगुड़ी की लाइन होगी डबल; कोलकाता से नई ट्रेन की भी सौगात

Bengal Railway Projects: रेल मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के लिए तीन नई रेलवे परियोजनाओं और सेवाओं को मंजूरी दी। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को पत्र लिखा है।

Image

बंगाल के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी

Photo : iStock

Bengal Railway Projects: रेल मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के लिए तीन नई रेलवे परियोजनाओं और सेवाओं को मंजूरी दी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने इन स्वीकृतियों को लेकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) को पत्र लिखा है।

नई एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी

रेल मंत्रालय ने कोलकाता से जयपुर के बीच एक नई एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दी है। यह ट्रेन खड़गपुर के रास्ते चलेगी। इस नई एक्सप्रेस ट्रेन से बंगाल और राजस्थान के यात्रियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। अश्विनी वैष्णव द्वारा सुवेंदु अधिकारी को लिखे पत्र में कहा गया, ''आपको यह जानकार प्रसन्नता होगी कि कोलकाता से जयपुर के मध्य नई रेलगाड़ी संख्या 18061/18062 सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस वाया खड़गपुर के परिचालन को स्वीकृति प्रदार कर दी गई है।'' हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस ट्रेन का संचालन कब से होगा।

किन परियोजनाओं को मिली मंजूरी

  • न्यू जलपाईगुड़ी-सिलीगुड़ी रेलवे लाइन का दोहरीकरण
  • सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस को मंजूरी
  • शालवनी-आद्रा तीसरी रेलवे लाइन के निर्माण

क्या है रेलवे का प्लान

मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 7.15 किलोमीटर लंबे न्यू जलपाईगुड़ी-सिलीगुड़ी रेलवे लाइन के दोहरीकरण (डबलिंग) कार्य को मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा, रेलवे ने नई 18061/18062 सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस के संचालन को भी स्वीकृति दी है। यह ट्रेन कोलकाता (सांतरागाछी) से जयपुर (खातीपुरा) के बीच खड़गपुर मार्ग से चलेगी।

रेल मंत्रालय ने 107 किलोमीटर लंबी शालवनी-आद्रा तीसरी रेलवे लाइन के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने हेतु फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) को भी मंजूरी प्रदान की है।

इस बीच, बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार विभिन्न क्षेत्रों में विकास और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कई बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को ऐलान किया कि 18 मई से बंगाल के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में 'वंदे मातरम्' गाना अनिवार्य किया जाएगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article