देश

'तीन परीक्षाएं, एक मंत्री...', NEET पेपर लीक को लेकर धर्मेंद्र प्रधान पर फिर बरसे राहुल; शिक्षा मंत्रालय को बताया आपदाओं का विभाग

NEET Paper Leak: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही शिक्षा मंत्रालय को आपदाओं का विभाग करार दिया।

Image

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी

Photo : Times Now Digital

NEET Paper Leak: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने NEET-UG पेपर लीक, CBSE मूल्यांकन प्रणाली में गड़बड़ी और स्कूलों में नई भाषा नीति को लेकर केंद्र सरकार पर छात्रों का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, ''पहले नीट पेपर लीक ने 22 लाख छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए। फिर सीबीएसई कक्षा 12 के छात्रों को ओएसएम सिस्टम की खराबी के कारण उम्मीद से बेहद कम नंबर मिले, जिससे कई छात्र कॉलेज में दाखिले की पात्रता खो बैठे।''

धर्मेंद्र प्रधान पर बरसे राहुल गांधी

उन्होंने आगे कहा, ''अब लाखों सीबीएसई कक्षा 9 (CBSE Class 9) के छात्रों को 1 जुलाई से नई भाषा पढ़ने के लिए कहा जा रहा है, जबकि न तो शिक्षक हैं और ही पाठ्यपुस्तकें। हालात ऐसे हैं कि 14 साल के छात्रों को 'ट्रांजिशनल व्यवस्था' के नाम पर कक्षा 6 की किताबें दी जा रही हैं।''

राहुल गांधी ने कहा कि तीन परीक्षाएं, तीन अलग-अलग आयु वर्ग और एक ही मंत्री। धर्मेंद्र प्रधान एक बार असफल नहीं हुए, बल्कि उन्होंने एक साथ देश के हर आयु वर्ग के छात्रों को निराश किया है।

'आपदाओं का विभाग बना शिक्षा मंत्रालय'

राहुल गांधी ने शिक्ष मंत्रालय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्रालय का हर फैसला बच्चों को और ज्यादा अनिश्चितता में धकेल रहा है, जबकि लगातार हो रही गड़बड़ियों के बावजूद किसी की जवाबदेही तय नहीं हो रही। शिक्षा मंत्रालय अब आपदाओं का विभाग बन चुका है। इस दौरान, राहुल गांधी ने पीएम मोदी से सवाल किया कि क्या आप उन लाखों छात्रों से माफी मांगेंगे, जिनका भविष्य आप और आपके मंत्री ने बर्बाद कर दिया।''

'प्रधान को बर्खास्त क्यों नहीं कर रहे PM'

इससे पहले, राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछा था कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में बार-बार पेपर लीक होने के बावजूद वह उन्हें बर्खास्त क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा था, ''नीट 2024: पेपर लीक हुआ। परीक्षा रद्द नहीं हुई। मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। सीबीआई ने जांच शुरू की। एक समिति गठित की गई।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!