देश

'संसद वापसी' के बाद वायनाड को निकले राहुल, मोदी के मंत्री का प्रहार- गांधी बिन जल की छटपटाती मछली, सत्ता के लिए रहे तड़प

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Aug 12, 2023, 06:57 AM IST

Rahul Gandhi Wayanad Visit: दरअसल, ठाकुर के पलटवार से पहले राहुल ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम को घेरते हुए कहा था कि नॉर्थ ईस्ट का राज्य मणिपुर “पिछले चार महीनों से जल रहा है”, ऐसे समय में प्रधानमंत्री को संसद में हंसना और चुटकुले सुनाना शोभा नहीं देता।

Rahul Gandhi Wayanad Visit: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी संसद के निचले सदन लोकसभा से सांसदी की बहाली के बाद शनिवार (12 अगस्त, 2023) सुबह अपने संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड के लिए रवाना हो गए। संसद वापसी के बाद यह उनकी पहली वायनाड विजिट है। वह वहां दो दिन गुजारेंगे और जनसभाएं भी करेंगे।

हालांकि, उनके इस दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन पर जुबानी प्रहार किया। उन्होंने दावा किया कि गांधी बिना जल की छटपटाती हुई मछली हैं, जो कि सत्ता के लिए तड़प और तरस रहते हैं।

मोदी के मंत्री ने एक रोज पहले शुक्रवार (11 अगस्त, 2023) को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सियासी लाभ के लिए मणिपुर में शांति भंग करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। राहुल “बिना पानी की मछली की तरह” महसूस कर रहे हैं और सत्ता के लिए तरस रहे हैं। नेहरू-गांधी परिवार ने ही राजनीतिक लाभ के लिए मणिपुर और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में नफरत के बीज बोए।

बकौल ठाकुर, “गृह मंत्री अमित शाह ने सदन (लोकसभा) में मणिपुर पर विस्तृत जानकारी दी और शांति का आह्वान करने का प्रस्ताव भी पेश किया। लेकिन कांग्रेस ने सदन में अशांति पैदा करने की कोशिश की और मणिपुर में भी अशांति पैदा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।”

दरअसल, ठाकुर के पलटवार से पहले राहुल ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम को घेरते हुए कहा था कि नॉर्थ ईस्ट का राज्य मणिपुर “पिछले चार महीनों से जल रहा है”, ऐसे समय में प्रधानमंत्री को संसद में हंसना और चुटकुले सुनाना शोभा नहीं देता। गांधी का यह भी आरोप था, ''प्रधानमंत्री चाहते हैं कि मणिपुर जले और इसे जलने दिया जाए।''

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article