Asaduddin Owaisi on I.N.D.I.A and Narendra Modi: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया लूडो खेलने में जुटा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चेस खेल रहे हैं। उन्होंने बीजेपी के फायरब्रांड नेता मोदी को चालाक, जिद्दी और तानाशाह करार दिया और आरोप लगाया कि किसी की भी सरकार रही हो, जब-जब चुनाव आते हैं तब मुसलमानों के गले में सियासी सांप डाल दिया जाता है।
ये बातें शुक्रवार (11 अगस्त, 2023) को उन्होंने एक हिंदी खबरिया चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान कहीं। उन्होंने इस दौरान विभिन्न मसलों पर बेबाकी से अपनी राय रखी और कहा कि फिलहाल "चौकीदार" और "दुकानदार" के बीच में सेटिंग है। सबको फिक्र है कि हिंदू वोट को कैसे हासिल किया जाए। हालांकि, इस चीज का खामियाजा मुस्लिमों के साथ पूरे देश को भुगतना पड़ रहा है। मौजूदा समय में इसी तरह की राजनीति का एक टेंप्लेट बन चुका है।
यह पूछे जाने पर कि आपको इंडिया में दिक्कत किससे है? उन्होंने कहा- जिनके जिस्मों पर दाग लगे हैं, वे आखिरकार कैसे सेक्यूलर हो गए? फिर चाहे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हों या फिर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल। केजरीवाल तो डार्कर और लाइटर शेड के हिंदूवादी नेता बन चुके हैं।
पेशे से वकील ओवैसी ने बताया, "मुझे सत्ता नहीं चाहिए। मैं अधिकार और हिस्से की लड़ाई लड़ रहा हूं। अगर मुझे सत्ता की लालसा होती तो इनके साथ (इंडिया वालों के संग) सिर झुकाकर बैठ जाता। मुसलमानों को आज तक सिर्फ लॉलीपॉप, जेल और सांप्रदायिक दंगे मिले हैं।"
