Budget Session: संसद का बजट सत्र दो चरणों में संपन्न होगा। शुक्रवार को पहले चरण का आखिरी दिन था। इस चरण में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव देखने को मिला जिसकी वजह से सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई। विपक्ष ने 'नरवणे की किताब' और राहुल गांधी को लोकसभा में नहीं बोलने देने का मुद्दा बार-बार उठाया। इस बीच, भाजपा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया और कहा कि बजट सत्र के पहले चरण के दौरान राहुल गांधी का आचरण राजनीतिक रूप से असभ्य रहा।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो)
राहुल गांधी पर बरसी भाजपा
भाजपा ने शुक्रवार को समाप्त हुए संसद के बजट सत्र के पहले चरण के दौरान राहुल गांधी के आचरण को अराजक करार दिया। भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इशारे पर सत्र के दौरान जिस तरह से कांग्रेस सदस्यों ने व्यवहार किया, उससे यह स्पष्ट हो गया कि वह सदन की किसी भी ''लोकतांत्रिक प्रक्रिया, लोकतांत्रिक गरिमा, संवैधानिक मर्यादा और नियमों'' में विश्वास नहीं करते हैं।
भाजपा सांसद ने कहा, ''वह (राहुल गांधी) वही करेंगे जो उन्हें पसंद है... यह चिंता की बात है कि राहुल गांधी का पूरा आचरण अब अराजक होता जा रहा है।'' रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि गांधी की संपूर्ण राजनीतिक कार्यशैली अब अराजकता का स्वरूप लेती जा रही है और कांग्रेस नेता सत्र के दौरान ''मानदंडों, संसदीय प्रक्रियाओं, संवैधानिक नियमों और लोकतांत्रिक परंपराओं'' के प्रति कोई सम्मान नहीं दिखा रहे हैं।
'राहुल अपनी योग्यता से नहीं बने LoP'
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''भाजपा राहुल गांधी के इस बड़े पैमाने पर अराजक, अलोकतांत्रिक और राजनीतिक रूप से असभ्य व्यवहार की कड़ी निंदा करती है।'' उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी अपनी योग्यता या प्रतिभा से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) नहीं बने हैं। नेता प्रतिपक्ष का पद संभालने के बाद उन्हें कुछ बातें सीखनी चाहिए।''
संसद में शुक्रवार को बजट सत्र का पहला चरण संपन्न हो गया तथा लोकसभा एवं राज्यसभा की बैठक को नौ मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया। बजट सत्र का पहला चरण हंगामेदार रहा, जिसमें भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते और पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण पर तीखी नोकझोंक देखी गई। सत्र का पहला चरण 28 जनवरी को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
