Punjab Anti Drug Campaign: पंजाब की भगवंत मान (Bhagwant Mann Government) सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी-ड्रग अभियान ‘युद्ध नशेयों विरुद्ध’ के सकारात्मक नतीजे अब सामने आने लगे हैं। कपूरथला जिले में पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन और सख्त निगरानी के कारण ड्रग तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 1 मार्च 2025 से 30 अप्रैल 2026 तक कपूरथला पुलिस ने 30.4 किलो हेरोइन बरामद की है।
हेरोइन की बरामदगी में 187 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज
इससे पहले 1 जनवरी 2024 से 28 फरवरी 2025 के बीच केवल 10.6 किलो हेरोइन पकड़ी गई थी। यानी हेरोइन की बरामदगी में करीब 187 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी तरह अन्य नशीले पदार्थों की बरामदगी में भी बड़ा इजाफा हुआ है। खसखस की बरामदगी 170 किलो से बढ़कर 452 किलो से ज्यादा हो गई, जो लगभग 166 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। वहीं अफीम की बरामदगी 6.8 किलो से बढ़कर 11.5 किलो तक पहुंच गई है। इसके अलावा नशीली गोलियों और कैप्सूल की बरामदगी भी लगभग दोगुनी हो गई है।
कपूरथला पुलिस ने 1867 लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान के दौरान चरस और 'बर्फ' जैसे नशीले पदार्थ भी पहली बार बड़ी मात्रा में पकड़े गए हैं। इससे साफ है कि पुलिस अब हर तरह के ड्रग नेटवर्क पर नजर रख रही है। कार्रवाई सिर्फ बरामदगी तक सीमित नहीं रही। कपूरथला पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत 1498 एफआईआर दर्ज कीं और 1867 लोगों को गिरफ्तार किया। पिछली अवधि में केवल 376 मामले दर्ज हुए थे और 481 गिरफ्तारियां हुई थीं। इससे पता चलता है कि पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अभियान को काफी तेज कर दिया है।
पंजाब सरकार के निर्देश पर ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी
कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा (Gaurav Toora) ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देश पर ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि पुलिस केवल ड्रग्स पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने पर काम कर रही है। पुलिस ने ड्रग कारोबार से जुड़ी संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू की है। अब तक 48 मामलों में करीब 9 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति को जांच के दायरे में लाया गया है। इनमें से 8.60 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त या फ्रीज करने के आदेश भी मिल चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि पंजाब के युवाओं को नशे से बचाया जा सके और राज्य से ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
