देश

कर्नाटक के बाद अब मिशन MP पर प्रियंका गांधी, 12 जून से करेंगी चुनावी अभियान की शुरुआत, जबलपुर में रोड शो और रैली की तैयारी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 20, 2023, 10:49 PM IST

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा 12 जून को मध्य प्रदेश में अपनी पार्टी के लिए विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी। प्रियंका गांधी जबलपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगी। यहां वो एक रोड शो और एक रैली करेंगी। साथ ही नर्मदा नदी की पूजा भी करेंगी। नर्मदा नदी को एमपी की जीवन रेखा माना जाता है।

Image

एक रैली के दौरान प्रियंका गांधी

Photo : Twitter

कर्नाटक जीत के बाद कांग्रेस नेतृत्व की नजरें अब मध्यप्रदेश पर है। मध्यप्रदेश में इसी साल चुनाव होने है, जिसकी तैयारी कांग्रेस ने तैयार कर दी है। स्थानीय नेतृत्व पहले से ही चुनावी कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है, अब प्रियंका गांधी कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत करने की तैयारी कर रही हैं।

क्या है कार्यक्रम

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा 12 जून को मध्य प्रदेश में अपनी पार्टी के लिए विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी। प्रियंका गांधी जबलपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगी। यहां वो एक रोड शो और एक रैली करेंगी। साथ ही नर्मदा नदी की पूजा भी करेंगी। नर्मदा नदी को एमपी की जीवन रेखा माना जाता है, साथ ही इसका धार्मिक महत्व भी बहुत है।

इस साल चुनाव

एमपी में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। यहां कांग्रेस 2018 के चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, कमलनाथ सीएम भी बने थे, लेकिन मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके 20 से अधिक वफादार विधायकों के विद्रोह के बाद उनकी सरकार गिर गई। सिंधिया कांग्रेस छोड़ बीजेपी में चले गए, जिसके कारण बीजेपी की सरकार बन गई।

जबलपुर से क्यों शुरुआत

जबलपुर एमपी के बड़े शहरों में से एक है। यहां कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनावों में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 13 सीटों में से 11 पर जीत हासिल की थी, यहां भारतीय जनता पार्टी को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी।

कांग्रेस दोहराना चाहेगी पिछला रिकॉर्ड

मध्य प्रदेश में मुख्य तौर पर छह क्षेत्र - महाकौशल, ग्वालियर-चंबल, मध्य भारत, निमाड़-मालवा, विंध्य और बुंदेलखंड हैं। महाकौशल या जबलपुर संभाग में - जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और छिंदवाड़ा सहित आठ जिले आते हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 24 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा ने क्षेत्र के 38 विधानसभा क्षेत्रों में से 13 पर जीत हासिल की थी। वहीं, एक सीट पर कांग्रेस के करीबी निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article