देश

अखिलेश यादव के भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन, मुलायम सिंह के परिवार में शोक की लहर

Prateek Yadav Passed Away: अपर्णा बिष्ट यादव के पति और मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। प्रतीक यादव, अखिलेश यादव के छोटे सौतेले भाई थे।

Image

अखिलेश यादव के भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन, मुलायम सिंह यादव परिवार में शोक की लहर

Prateek Yadav Death: भाजपा नेत्री अपर्णा बिष्ट यादव के पति और मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने लखनऊ के अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह फिटनेस और रियल एस्टेट बिजनेस से जुड़े हुए थे और सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे। बताया गया कि प्रतीक यादव की उम्र मात्र 38 वर्ष थी।

प्रतीक यादव, अखिलेश यादव के छोटे सौतेले भाई थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रतीक को लखनऊ के सिविल अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। उनकी मृत्यु का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। इस खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपने परिवार के रसूख के कारण प्रतीक काफी जाने-पहचाने चेहरे थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रतीक के पार्थिव शरीर का फिलहाल पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि उन्हें सुबह करीब 6 बजे अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

हाल ही में, प्रतीक और उनकी पत्नी अपर्णा यादव के बीच तनाव की खबरें भी सामने आई थीं। प्रतीक ने पत्नी अपर्णा यादव पर ध्यान नहीं देना का आरोप लगाया था, जहां बाद में उन्होंने पत्नी के खिलाफ किया पोस्ट हटा दिया था और दोनों के बीच सब सही होने का दावा किया था।

मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी के बेटे थे प्रतीक यादव

प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे थे। प्रतीक, मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की University of Leeds से पढ़ाई की थी। देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में से एक से ताल्लुक रखने के बावजूद वह सक्रिय राजनीति से दूर रहे। उनका ध्यान रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस पर था।

उन्होंने लखनऊ में 'Iron Core Fit' नाम से हाई-एंड जिम चेन शुरू की थी। इसकी शुरुआत साल 2015 में हुई थी और बाद में इसकी कई शाखाएं खुलीं। यह जिम प्रीमियम क्लाइंट्स के लिए जाना जाता था। इसके अलावा प्रतीक यादव 'जीव आश्रय' नाम की संस्था भी चलाते थे। संस्था की ओर से स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, देखभाल, भोजन और रेस्क्यू का काम किया जाता था।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article