देश

कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात में पीएम मोदी का मेगा दौरा, 9400 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 मई को कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे बेंगलुरु, हैदराबाद और अन्य स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर राष्ट्र को नई सौगातें देंगे।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

PM Modi Karnataka Telangana Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 मई को कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वह हैदराबाद में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और सोमनाथ मंदिर में सोमनाथ अमृत महोत्सव में भी भाग लेंगे। दो आधिकारिक बयानों में कहा गया है कि मोदी बेंगलुरु में 'द आर्ट ऑफ लिविंग' के 45वें वर्षगांठ समारोह में भी भाग लेंगे और तेलंगाना में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी रविवार सुबह, बेंगलुरु में वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे और मौजूदा लोगों को संबोधित करेंगे। वह बेंगलुरु मे स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नव-निर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे, जो आंतरिक शांति व समग्र कल्याण के लिए समर्पित एक ध्यान भवन है।

9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास

बता दें कि पीएम मोदी 'आर्ट ऑफ लिविंग' की राष्ट्रव्यापी सेवा पहल भी शुरू करेंगे, जिनमें मानसिक कल्याण, ग्रामीण विकास, प्राकृतिक संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन पर केंद्रित पूरे वर्ष चलने वाली परियोजनाएं शामिल हैं। इसके बाद वह हैदराबाद जाएंगे और लगभग 9,400 करोड़ रुपये मूल्य की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन व राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे और इसके बाद हैदराबाद में स्थित सिंधु अस्पताल देश को समर्पित करेंगे।

यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने वाली परियोजना

प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक सड़क को चौड़ा करने से जुड़ी परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह हैदराबाद-पणजी आर्थिक कॉरिडोर का हिस्सा है और इसकी कुल परियोजना लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक है। इस परियोजना से यातायात को सुगम और सुरक्षित होगा, यात्रा समय लगभग एक घंटा 30 मिनट कम हो जाएगा और ईंधन खपत व वाहन रखरखाव लागत घटाएगी।

तेलंगाना और कर्नाटक के बीच कनेक्टिविटी होगी मजबूत

यह राजमार्ग तेलंगाना और कर्नाटक के बीच कनेक्टिविटी मजबूत बनाएगा और दोनों राज्यों में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा। मोदी सांगरेड्डी जिले में जहीराबाद इंडस्ट्रियल एरिया का शिलान्यास भी करेंगे, जो हैदराबाद-नागपुर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (एचएनआईसी) के तहत राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास कार्यक्रम का हिस्सा है। तेलंगाना में वह कई और परियोजनाओं की भी शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री इसके बाद गुजरात के जामनगर पहुंचेंगे।

सोमनाथ अमृत महोत्सव में लेंगे पीएम मोदी भाग

प्रधानमंत्री 11 मई को सुबह 10:15 बजे गुजरात के सोमनाथ मंदिर में सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लेंगे। बाद में वह वडोदरा जाएंगे, जहां वह शाम छह बजे सरदारधाम छात्रावास का उद्घाटन करेंगे और दोनों अवसरों पर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ में प्रधानमंत्री सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लेंगे। सोमनाथ अमृत महोत्सव, पुनर्निर्मित मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वह इस अवसर पर सोमनाथ की समृद्ध विरासत और आध्यात्मिक महत्व की स्मृति में एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें