देश

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में 21 मई को हो सकती है मंत्रिपरिषद की बैठक, कामकाजों की होगी समीक्षा

Council Ministers Meet: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 21 मई को मंत्रिपरिषद की बैठक हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के साथ मंत्रालयों एवं विभागों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

Council Ministers Meet: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 21 मई को मंत्रिपरिषद की बैठक हो सकती है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इस बैठक में सभी केंद्रीय मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार वाले केंद्रीय राज्य मंत्रियों और अन्य केंद्रीय राज्य मंत्री शामिल हो सकते है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के साथ मंत्रालयों एवं विभागों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।

यह बैठक पश्चिम बंगाल और असम में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत और पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार दोबारा बनने के बाद हो रही है। प्रधानमंत्री समय-समय पर प्रमुख नीतिगत और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा के लिए मंत्रिपरिषद की बैठकें करते रहे हैं, लेकिन 21 मई की बैठक को हालिया विधानसभा चुनावों के बाद होने के कारण राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खरीफ फसलों के MSP को मंजूरी

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति (CCEA) ने विपणन सीजन 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। इसे लेकर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि पूरे देश में किसान भाई-बहनों के हितों की रक्षा करने और उनकी आय बढ़ाने के लिए हम लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रहे हैं। इसी दिशा में हमारी सरकार ने विपणन सीजन 2026-27 के लिए खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि को मंजूरी दी है। इस निर्णय से यह सुनिश्चित होगा कि देश के करोड़ों अन्नदाताओं को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य मिले, और साथ ही उनके जीवन में अधिक समृद्धि आए।

केंद्र सरकार ने वर्ष 2026-27 के विपणन सीजन के लिए खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि की है, ताकि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल सके। पिछले वर्ष की तुलना में एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि सूरजमुखी के बीज (622 रुपए प्रति क्विंटल), उसके बाद कपास (557 रुपए प्रति क्विंटल), नाइजरसीड (515 रुपए प्रति क्विंटल) और तिल (500 रुपए प्रति क्विंटल) के लिए संस्तुति की गई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article