देश

PM Modi Ajmer Visit: 2014 के पहले रिमोट कंट्रोल से चलती थी सरकार, पीएम के ऊपर सुपरपावर; कांग्रेस पर गरजे पीएम मोदी

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated May 31, 2023, 05:37 PM IST

PM Modi Ajmer Visit: राजस्थान में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बीच यह बीते आठ महीनों में यह छठी बार है कि पीएम मोदी इस राज्य के दौरे पर पहुंचे हैं। कार्यक्रम के तहत, पीएम मोदी आज अजमेर में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

Image

पीएम मोदी ने अजमेर में जनसभा को किया संबोधित

Photo : ANI

PM Modi Ajmer Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (बुधवार) को अजमेर में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, आज अजमेर आने से पहले मुझे पुष्कर जाने का सौभाग्य मिला। हमारे शास्त्रों में ब्रह्मा जी को सृष्टि का रचयिता कहा गया है। ब्रह्मा जी के आशीर्वाद से आज भारत में नवनिर्माण का दौर चल रहा है। केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली NDA सरकार के 9 साल भी पूरे हो गए हैं। भाजपा सरकार के 9 साल देशवासियों की सेवा, सुशाषण और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, 2014 से पहले देश में क्या स्थिति थी? 2014 से पहले जनता भ्रष्टाचार के विरुद्ध सड़क पर उतरी हुई थी। बड़े-बड़े शहरों में हर दूसरे दिन आतंकी हमले होते थे। कांग्रेस सरकार सीमा पर सड़के बनाने से भी डरती थी। महिलाओं के विरुद्ध अपराध चरम पर थे। प्रधानमंत्री के ऊपर सुपरपावर थी। कांग्रेस सरकार रिमोट कंट्रोल से चलती थी। जनता से वोट लेकर कांग्रेस जनता को ही कोसती थी।

पूरी दुनिया में हो रहा भारत का यशगान

पीएम मोदी ने कहा, आज पूरी दुनिया में भारत का यशगान हो रहा है। आज दुनिया के बड़े-बड़े विशेषज्ञ बोल रहे हैं कि भारत अति-गरीबी को समाप्त करने के बहुत निकट है। आखिर ये बदलाव आया कैसे? इसका जवाब है, सबका साथ, सबका विकास। पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने 50 साल पहले गरीबी हटाने की गारंटी दी थी। ये गरीबों के साथ किया गया कांग्रेस का सबसे बड़ा विश्वाघात है। कांग्रेस की रणनीति रही है कि गरीबों को भरमाओं, गरीबों को तरसाओ। यहां राजस्थान में आप लोगों ने भी इसका बहुत नुकसान उठाया है।

लूटने में कांग्रेस नहीं करती भेदभाव

कांग्रेस को सिर्फ झूठ बोलना आत है और आज भी कांग्रेस यही कर रही है। कांग्रेस ने वीरों के साथ भी हमेशा धोखा किया है। ये कांग्रेस ही है जो 4 दशक तक 'वन रैंक वन पेंशन' के नाम पर हमारे पूर्व सैनिकों से विश्वासघात करती रही। कागजों पर सिर्फ 500 करोड़ रुपए रखकर कांग्रेस कहती थी कि वो 'वन रैंक वन पेंशन' लागू करेगी। भाजपा सरकार ने ना सिर्फ वन रैंक वन पेंशन को लागू किया बल्कि पूर्व सैनिकों को एरियर भी दिया। बहुत जरूरी होता है कि जो पैसा सरकार भेजे वो पूरा का पूरा विकास के कार्यों में लगे। लेकिन कांग्रेस ने अपने शासन में देश का खून चूसने वाली ऐसी भ्रष्ट व्यवस्था बना दी थी जो देश के विकास को खाए जा रही थी।

जब लूट की बात होती है तो कांग्रेस किसी में भेदभाव नहीं करती। कांग्रेस देश के हर नागरिक को, गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, आदिवासी और अल्पसंख्यक सभी को समान भाव से लूटती है।

पुष्कर मंदिर के लिए दर्शन

दरअसल, पीएम मोदी ने अजमेर में जनसभा से पहले पुष्कर पहुंचे और ब्रह्मा मंदिर के दर्शन किए। बता दें, बीते आठ महीनों में यह छठी बार है, जब प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान का दौरा किया है। गौरतलब है कि राजस्थान में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव भी होने हैं।

40 से 42 विधानसभा पर नजर

भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर पार्टी की ओर से एक विशाल जनसंपर्क अभियान भी शुरू किया जा रहा है। इसके तहत पीएम मोदी आज अजमेर पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि इसी जनसभा से प्रधानमंत्री मोदी चुनावी अभियान की भी शुरुआत करेंगे। पीएम मोदी की इस जनसभा के जरिए प्रदेश की 40 से 42 विधानसभा और आठ लोकसभा सीटों को प्रभावित करने की कोशिश है।

रैली में जुटें हजारों लोग

पीएम मोदी इस रैली के जरिए राजस्थान भाजपा के कार्यकर्ताओं में जोश भरने का भी काम करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस रैली के लिए कई जिलों के कार्यकर्ता पहुंचे हैं। भाजपा संगठन स्तर पर इस जनसभा की तैयारी में कई दिनों से लगी हुई थी। इसके तहत राजस्थान भाजपा के नेता यहां कई दिनों से लोगों से मिल रहे थे। पीएम मोदी की राजस्थान यात्रा के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं। यहां सड़कों पर बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग्स लगाए गए। प्रमुख स्थानों पर पीएम मोदी के स्वागत के लिए भाजपा के झंडे और भगवा कपड़ों से विशेष सजावट की गई।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article