देश

PM Modi Birthday Special : 'जनरल टिकट पर यात्रा' की, मां के निधन के बाद भी नहीं ली छुट्टी...पीएम मोदी के जन्मदिन पर नेताओं ने यूं दी बधाई

PM Modi Birthday Special : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपना 75वां जन्मदिन मनाएंगे। पीएम की दीर्घायु के लिए देशभर के विभिन्न राज्यों में लोग पूजा हवन और मंत्रोच्चार कर रहे हैं। वहीं, भाजपा के तमाम शीर्ष समेत कई अन्य दिग्गज नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनसे जुड़े कुछ अनसुने किस्से साझे किए हैं। आइये जानते हैं किसने पीएम को कैसे बधाई संदेश भेजे हैं?

Image

पीएम मोदी 75वां जन्मदिन (फोटो-ट्विटर)

PM Modi Birthday Special : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपना 75वां जन्मदिन मनाएंगे। भारतीय जनता पार्टी ने इस उपलक्ष्य में देश में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए हैं। पीएम के बर्थडे पर पार्टी के शीर्ष नेताओं समेत कई अन्य पॉलिटिकल लीडर्स ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर गृहमंत्री अमित शाह ने भावुक वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने पीएम की सादगी से जुड़ी कई अनसुने पहलुओं को साझा किया है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं ने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

सामान्य टिकट पर यात्रा की कहानी

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हर वर्ग के लोग उनसे जुड़ी अपनी यादें साझा कर रहे हैं। गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने प्रधानमंत्री से जुड़ी अपनी एक याद उनके जन्मदिन पर विशेष रूप से साझा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पाटिल ने लिखा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में सेवा दे रहे थे, तब वे सूरत में पार्टी के एक कार्यकर्ता के विवाह समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद उन्हें अगले दिन अहमदाबाद में होने वाली एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आकस्मिक बैठक की सूचना मिली। यह बैठक पूर्व निर्धारित नहीं थी, इसलिए उन्हें तत्काल रवाना होना पड़ा। उस समय उनके पास ट्रेन का आरक्षण उपलब्ध नहीं था। हमने कच्छ एक्सप्रेस में आरक्षित सीट का प्रयास किया, लेकिन कोई सीट खाली नहीं थी। बिना किसी संकोच के उन्होंने स्वयं ही सुझाव दिया कि उनके लिए सामान्य टिकट लिया जाए। उसी रात उन्होंने सामान्य श्रेणी के डिब्बे में बैठकर पूरे मार्ग की यात्रा की और समय पर अहमदाबाद पहुंचे। पाटिल ने लिखा कि यह प्रसंग उनके सादगी पूर्ण व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के हित को सर्वोपरि रखने वाली कार्यशैली का जीवंत उदाहरण है। आज भी उनमें वही सहजता, समर्पण और अनुशासन देखने को मिलता है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पीएम को यूं दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा एक प्रेरणादायी प्रसंग साझा किया। उन्होंने 'मोदी स्टोरी' के एक वीडियो को पोस्ट करते हुए बताया कि संगठन में स्वयं से पहले कार्यकर्ताओं का ध्यान रखने की सीख उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से मिली थी और यह शिक्षा आज उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। अमित शाह ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "राजकोट की यात्रा का वह प्रसंग, जब पीएम मोदी ने यह संवेदनशील सीख दी कि संगठन में स्वयं से पहले कार्यकर्ताओं का ध्यान रखना चाहिए। उनकी वह सीख आज मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गई है। विश्वास, अपनापन और समर्पण, यही संगठन की आत्मा है और यही मोदी जी की सबसे बड़ी शिक्षा है।

वीडियो में अमित शाह को प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ी एक पुरानी घटना बताते हुए सुना जा सकता है। अमित शाह ने बताया कि एक बार वह अहमदाबाद से राजकोट की यात्रा कर रहे थे। रात के करीब साढ़े आठ बजे वे एक कार्यकर्ता के ढाबे पर रुके। पीएम मोदी ने वहां कुछ फल और हल्का भोजन किया, जबकि साथ गए लोगों ने पेट भरकर खाना खा लिया। शाह ने कहा कि उस समय उन्हें लगा कि पीएम मोदी ने भोजन किया ही नहीं, तो गाड़ी क्यों खड़ी रही, लेकिन बाद में पता चला कि ऐसा इसलिए हुआ ताकि वे कार्यकर्ता खा सकें। इस घटना का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने बिना बोले भी कार्यकर्ताओं को बहुत कुछ सिखाया है। कार्यकर्ता जब देखता है कि उसका नेता उसके लिए चिंतित है, तो उसमें और अधिक समर्पण से काम करने का भाव जागता है।

क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्वी व विधायक रिवाबा जडेजा ने भी दी बधाई

गुजरात विधानसभा की सदस्य और भाजपा नेता रिवाबा जडेजा ने कहा कि प्रधानमंत्री साधारण कार्यों को भी असाधारण बना देते हैं। मुझे उनकी ये खासियत सबसे ज्यादा प्रभावित करती है। उनके छोटे-छोटे कार्य भी सीख, प्रेरणा और एक व्यक्तिगत जुड़ाव लेकर आते हैं। रिवाबा ने कहा, "मैंने अपनी बेटी के जन्मदिन पर 101 लड़कियों का पोस्ट ऑफिस के माध्यम से कन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत 11,000 रुपए जमा करवाए थे। प्रधानमंत्री ने इस कार्य के लिए पत्र लिखकर हमारा उत्साहवर्धन किया। पत्र पूरी तरह हिंदी कैलेंडर वर्ष के अनुसार लिखा गया था, जिसने मुझे प्रभावित किया।"

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है, जो अपने आप में एक मिसाल है। पीएम मोदी 140 करोड़ देशवासियों के दिल में बसते हैं। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में वे निरंतर कार्य कर रहे हैं।"

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भावुक अंदाज में कहा कि पीएम मोदी ने मां की अर्थी को कंधा देने के बाद से एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली। उन्होंने कहा, "पीएम मोदी के जन्मदिन को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वे 100 वर्ष तक स्वस्थ रहें। उनके नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष, विज्ञान और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मांझी ने पीएम की लोकप्रियता को वैश्विक स्तर पर बढ़ता हुआ बताया और उनके द्वारा किए गए वादों को पूरा करने की प्रतिबद्धता की सराहना की।

छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पीएम मोदी को "क्रांतिकारी परिवर्तन" का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने पिछले एक दशक में भारत को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए विकासशील से विकसित भारत की ओर अग्रसर किया है। ओपी चौधरी ने कहा, "पीएम मोदी ने वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में साहसिक निर्णय लिए। बस्तर जैसे आदिवासी क्षेत्रों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और लगातार यात्राएं उनके स्पष्ट विजन को दर्शाती हैं।" उन्होंने अमृत काल में भारत को विश्व के महान राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के उनके लक्ष्य को सौभाग्यशाली बताया।

छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री केदार नाथ कश्यप ने पीएम मोदी को "आधुनिक भारत का विश्वकर्मा" करार देते हुए उनके योगदान को अभूतपूर्व बताया। वहीं, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाने की घोषणा की। यह अवसर देश सेवा के प्रति पीएम मोदी के समर्पण को दर्शाता है।"

महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और मंत्री आशीष शेलार ने भी पीएम को शुभकामनाएं दीं। नार्वेकर ने उनके राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की प्रशंसा की, जबकि शेलार ने उनके नेतृत्व को प्रेरणादायी बताया। राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम ने पीएम के जन्मदिन को खास बताते हुए वैश्विक मंच पर भारत की छवि को मजबूत करने के लिए उनकी सराहना की।

अपर्णा यादव ने पीएम मोदी को बताया भारत माता का सच्चा सपूत

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने पीएम मोदी को "भारत माता का सच्चा सपूत" और "आधुनिक भारत का शिल्पकार" करार दिया। उन्होंने कहा कि पीएम ने महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू कीं और हर क्षेत्र में विकास को गति दी। योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी उनके नेतृत्व में देश के विकास की गाथा को रेखांकित किया। देशभर में पीएम मोदी के जन्मदिन को उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। यह अवसर उनके नेतृत्व, दूरदर्शिता और देश के प्रति समर्पण को एक बार फिर रेखांकित करता है।

दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मोदी स्टोरी में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ मेरा तीन दशक का नाता है। मैंने जब उन्हें संगठन मंत्री के रूप में काम करते हुए देखा तो पता चला कि एक संगठक के रूप में एक कार्यकर्ता को कैसे संभाला जाता है। मुझे याद है एक बार जब मैंने उनके समक्ष कुछ विषय रखे तो उन्होंने मुझे कहा कि समस्या को समाधान के रूप में देखना चाहिए और उसका समाधान क्या हो सकता है उस पर काम करना चाहिए। उनके इस दृष्टिकोण और प्रेरणा ने हमेशा मेरे कार्य और जीवन पथ को दिशा दी है।

भाजपा सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि छात्र राजनीति के समय जब मैं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहा था, तब महाराष्ट्र के जलगांव में हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में शामिल हुए पीएम मोदी ने जो बात कही थी, वो आज भी मेरी कार्यप्रणाली को प्रभावित करती है।

भाजपा की वरिष्ठ नेत्री स्मृति ईरानी ने मोदी स्टोरी में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच हमेशा जमीनी हकीकत से जुड़ी होती है। आंगनवाड़ी सेवाओं के डिजिटाइजेशन पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा था कि अगर डिजिटाइजेशन चाहिए तो पहले हर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को स्मार्ट डिवाइस देना होगा। आज उसी दृष्टि का परिणाम है कि देशभर की आंगनवाड़ी दीदियों के हाथ में स्मार्ट डिवाइस और ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस उपलब्ध हैं और अब तक लाखों कार्यकर्ताओं को डिजिटल और ऑफलाइन प्रशिक्षण मिल चुका है। बच्चों के पोषण और विकास की निगरानी अब पहले से कहीं अधिक सटीक और प्रभावी हो गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article