Global buddhist summit 2023 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भगवान बुद्ध के उपदेशों का अनुसरण करते हुए भारत ने बीते नौ वर्षों में बड़ी कामयाबी हासिल की है। वैश्विक बौद्ध सम्मेलन 2023 को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि ' भारत ने सिद्धांत, व्यवहार एवं अनुभव के रास्ते पर चलते हुए भगवान बुद्ध के उपदेशों का अनुसरण किया है। इन सभी में भारत तेजी से आगे बढ़ा है।' इस वैश्विक बौद्ध सम्मेलन का आयोजन ऐसे समय हो रहा है जब भारत अपनी आजादी के 75 साल पूरे होने पर 'अमृत महोत्सव' मना रहा है। पीएम ने कहा कि भारत एक विकसित राष्ट्र बनने के रास्ते पर है और यह 'अमृत काल' की तरफ आगे बढ़ रहा है। भारत अपने साथ पूरे विश्व के कल्याण के बारे में सोचता है।
बुद्ध के उपदेशों में है वैश्विक समस्याओं का हल-पीएम
राजधानी स्थित अशोक होटल में आयोजित पहले वैश्विक बौद्ध शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज दुनिया जिस युद्ध और अशांति से पीड़ित है, उसका समाधान बुद्ध के उपदेशों में है।’उन्होंने कहा, ‘हमें विश्व को सुखी बनाना है तो स्व से निकलकर संसार, संकुचित सोच को त्यागकर, समग्रता का यह बुद्ध मंत्र ही एकमात्र रास्ता है।’ मोदी ने कहा कि सभी को अपने आस-पास गरीबी से जूझ रहे लोगों के बारे में और साथ ही संसाधनों के अभाव में फंसे देशों के बारे में सोचना ही होगा। उन्होंने कहा, ‘एक बेहतर और स्थिर विश्व की स्थापना के लिए यही एक मार्ग है। आज यह समय की मांग है कि हर व्यक्ति की, हर राष्ट्र की प्राथमिकता अपने देश के हित के साथ ही विश्व हित भी हो।’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
