देश

BRICS Summit 2026: युद्ध से लेकर शांति तक... पुतिन-मोदी के बीच क्या-क्या हुई बात? प्रधानमंत्री जाएंगे रूस

पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात में भारत-रूस संबंधों के साथ ब्रिक्स में सहयोग और पश्चिम एशिया व काला सागर के संघर्षों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को जरूरी बताया। वहीं, पुतिन ने उन्हें 24वें वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन के लिए रूस आने का निमंत्रण दिया।

Image

पुतिन ने पीएम मोदी को रूस आने का दिया न्योता, 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल। ANI

Photo : ANI

BRICS Summit 2026: बिक्स शिखर सम्मेलन से पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की द्विपक्षीय मुलाकात हुई। इस मुलाकात के दौरान कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। भारत और रूस के बीच बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग और वैश्विक मुद्दों को लेकर अहम चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने बहुपक्षीय क्षेत्र में भारत-रूस संबंधों की प्रगति पर विचार साझा किए। इस दौरान खास तौर पर वर्ष 2026 में भारत की अध्यक्षता में होने वाले ब्रिक्स से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर साझा हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। इनमें पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में जारी संघर्ष प्रमुख रहे। इन संघर्षों का असर समुद्री व्यापार के साथ-साथ भारतीय नाविकों की सुरक्षा और संरक्षा पर भी पड़ा है। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर इस बात पर जोर दिया कि संघर्षों के समाधान का रास्ता संवाद और कूटनीति के जरिए ही निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत शांति स्थापित करने के प्रयासों में सहयोग के लिए तैयार है।

नाविकों की सुरक्षा पर भारत ने जताई चिंता

पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र की स्थिति का अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर व्यापक असर देखने को मिला है। ऐसे में भारतीय नाविकों की सुरक्षा भी भारत के लिए एक महत्वपूर्ण चिंता का विषय बनी हुई है। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में इन चुनौतियों पर भी विचार साझा किए गए।

भारत 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। ऐसे में रूस के साथ बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को लेकर हुई चर्चा को अहम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर समन्वय बढ़ाने की दिशा में भी बातचीत हुई। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत संघर्षों को बढ़ाने के बजाय बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों के जरिए समाधान निकालने का पक्षधर है। साथ ही, भारत ने जरूरत पड़ने पर शांति प्रयासों में अपनी भूमिका निभाने की तत्परता भी दोहराई।

पुतिन ने पीएम मोदी को रूस आने का दिया न्योता

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस की यात्रा का न्योता दिया है। यह यात्रा 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ आपसी हितों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसी दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को रूस आने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए शिखर सम्मेलन में शामिल होने पर सहमति जताई है। हालांकि, प्रधानमंत्री की रूस यात्रा की तारीख अभी तय नहीं हुई है। दोनों देशों की आपसी सुविधा के अनुसार राजनयिक माध्यमों से यात्रा की तारीख तय की जाएगी। भारत और रूस के बीच वार्षिक शिखर सम्मेलन दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस बैठक में आम तौर पर रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, निवेश और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सहयोग की समीक्षा की जाती है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article