देश

भारत-ब्राजील के बीच हुए कई अहम समझौते, PM मोदी बोले-रणनीतिक भागीदारी को राष्ट्रपति लूला ने दी नई ऊर्जा

शनिवार सुबह राष्ट्रपति लूला को राष्ट्रपति भवन में राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति भवन में उनकी अगवानी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं पीएम मोदी ने किया। इससे पहले लूला विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिले और राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Image

भारत की यात्रा पर ब्राजील के राष्ट्रपति।

India-Brazil relation: भारत की यात्रा पर आए ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला डा सिल्वा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शिष्टमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों नेताओं के बीच यह वार्ता दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में हुई। भारतीय शिष्टमंडल में पीएम मोदी के साथ वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल शामिल थे। इससे पहले पीएम मोदी और राष्ट्रपति लूला ने हैदराबाद हाउस में बातचीत की। दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए और दोनों देशों के बीच सहमति पत्रों के आदान-प्रदान हुए। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ब्राजील के संबंध खास होते जा रहे हैं और राष्ट्रपति लूला का स्वागत करके उन्हें खुशी हुई।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मुझे राष्ट्रपति लूला और उनके शिष्टमंडल का भारत में स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। राष्ट्रपति लूला के विजन और प्रेरणा देने वाली लीडरशिप से भारत-ब्राजील के रिश्तों को लंबे समय से फायदा हुआ है। पिछले कुछ सालों में, मुझे उनसे कई बार मिलने का मौका मिला है, और हर मुलाकात में, मैंने भारत के प्रति उनकी गहरी दोस्ती और भरोसे को महसूस किया है। राष्ट्रपति लूला के दौरे ने ऐतिहासिक AI इम्पैक्ट समिट की शोभा बढ़ाई है और हमारी स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को नई एनर्जी दी है। मैं उनकी दोस्ती और हमारे दोनों देशों के बीच रिश्तों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए शुक्रिया अदा करता हूं।'

मिनरल्स-दुर्लभ खनिज तत्वों पर हुआ समझौता

पीएम ने आगे कहा कि जरूरी मिनरल्स और दुर्लभ खनिज तत्वों पर हुआ समझौता एक मजबूत आपूर्ति श्रृंखला बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। रक्षा क्षेत्र में भी हमारा सहयोग लगातार बढ़ रहा है। यह आपसी भरोसे और स्ट्रेटेजिक अलाइनमेंट का एक बेहतरीन उदाहरण है। हम इस विन-विन पार्टनरशिप को और मजबूत करते रहेंगे। स्वास्थ्य और दवा सेक्टर में भी सहयोग की बहुत ज्यादा संभावना है। हम भारत से ब्राजील को सस्ती और अच्छी क्वालिटी की दवाओं की आपूर्ति बढ़ाने के लिए काम करेंगे।'

हमारा ट्रेड भरोसे की झलक है-पीएम मोदी

PM ने कहा कि ऊर्जा सहयोग हमारे रिश्ते का एक मजबूत स्तंभ रहा है। हाइड्रोकार्बन के अलावा, हम रिन्यूएबल एनर्जी, इथेनॉल ब्लेंडिंग और सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल जैसे कई एरिया में भी सहयोग तेज कर रहे हैं। ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस में ब्राजील की सक्रिय भागीदारी ग्रीन फ्यूचर के लिए हमारी साझी प्रतिबद्धता को दिखाता है। उन्होंने कहा, 'ब्राजील लैटिन अमेरिका में इंडिया का सबसे बड़ा कारोबारी सहयोगी है। हम अगले पांच सालों में द्वीपक्षीय कारोबार को $20 बिलियन से आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा ट्रेड सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है; यह भरोसे की झलक है। राष्ट्रपति के साथ आया बड़ा बिजनेस डेलीगेशन इस भरोसे को दिखाता है।'

इस देश में लौटना मेरे लिए खुशी की बात-लूला

ब्राजील के राष्ट्रपति सिल्वा ने कहा, 'मेरे प्यारे दोस्त मोदी, छठी बार इस देश में लौटना मेरे लिए खुशी की बात है। भारत और ब्राजील के बीच यह मीटिंग बहुत बढ़िया है। हम सिर्फ ग्लोबल साउथ की दो सबसे बड़ी डेमोक्रेसी नहीं हैं। यह एक डिजिटल सुपरपावर और एक रिन्यूएबल एनर्जी सुपरपावर की मीटिंग है। हम दोनों ही बहुत अलग-अलग तरह के देश हैं और कल्चरल इंडस्ट्री के हब हैं और हम दोनों ही मल्टीलेटरलिज़्म और शांति की रक्षा करते हैं।'

राष्ट्रपति भवन में लूला को मिला राजकीय सम्मान

शनिवार सुबह राष्ट्रपति लूला को राष्ट्रपति भवन में राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति भवन में उनकी अगवानी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं पीएम मोदी ने किया। इससे पहले लूला विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिले और राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!