देश

समान नागरिक संहिता पर PM मोदी का बड़ा बयान, बोले-एक देश में दो कानून कैसे चलेंगे?

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Jun 27, 2023, 01:34 PM IST

PM Modi on UCC: पीएम मोदी ने कहा, यूसीसी के नाम पर लोगों को भड़काया जा रहा है। देश को दो कानूनों पर कैसे चलाया जा सकता है? संविधान भी समान अधिकारों की बात करता है। सुप्रीम कोर्ट ने भी यूसीसी लागू करने को कहा है।

Image

भोपाल में पीएम मोदी

Photo : ANI

PM Modi on UCC: भोपाल में मेरा बूथ, सबसे मजबूत कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने पहली बार समान नागरिक संहिता (UCC) पर अपनी बात रखी। पीएम मोदी ने कहा, सुप्रीम कोर्ट ने बार-बार कहा कि देश में समान नागरिक संहिता लाओ।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज यूसीसी के नाम पर लोगों को भड़काया जा रहा है। देश को दो कानूनों पर कैसे चलाया जा सकता है? संविधान भी समान अधिकारों की बात करता है। सुप्रीम कोर्ट ने भी यूसीसी लागू करने को कहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लोग वोट बैंक की राजनीति खेल रहे हैं।

तीन तलाक पर भी बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने इस दौरान तीन तलाक पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, जो भी तीन तलाक के पक्ष में बात करते हैं ये लोग मुस्लिम बेटियां के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं। तीन तलाक से सिर्फ बेटियों को नुकसान नहीं होता है बल्कि इससे पूरा परिवार तबाह हो जाता है। मैं समझता हूं कि मुसलमान बेटियों पर तीन तलाक का फंदा लटका कर कुछ लोग उन पर हमेशा अत्याचार करने की खुली छूट चाहते हैं।

भाजपा कार्यकर्ता AC कमरों में बैठने वालों में से नहीं

पीएम मोदी ने कहा, जब हमारी देश की आजादी को 100 साल होंगे और हम देश को विकसित भारत बनाना चाहते हैं लेकिन भारत विकसित तभी होगा जब गांव विकसित होगा। सभी गांव का संकल्प बनना चाहिए कि 2047 के पहले हमें अपने कार्यक्षेत्र को विकसित बनाना है, समस्याओं से मुक्त करना है। उन्होंने कहा, भाजपा के कार्यकर्ता उनमें से नहीं हैं जो AC वाले कमरों में बैठकर पार्टियां चलाते हैं और फतवे निकालते रहते हैं। हम तो गांव-गांव जाकर हर मौसम, हर परिस्थिति में जनता के बीच जाकर खुद को खपाने वाले लोग हैं। पीएम मोदी ने कहा, हमारा लक्ष्य सरकार की सिर्फ एक योजना से लोगों को लाभ पहुंचाना नहीं है। संतृप्ति हमारा लक्ष्य है और हम 100% कवरेज देते हैं। वास्तविक लाभार्थियों को उन सभी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए जिनके वे पात्र हैं।

भाजपा का कार्यकर्ता देश का मजबूत सिपाही

आज मैं एक साथ बूथ पर काम करने वाले 10 लाख कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहा हूं। शायद किसी भी राजनीतिक दल के इतिहास में ग्रास रूट लेवल पर व्यवस्थित तरीके से इतना बड़ा कार्यक्रम कभी नहीं हुआ होगा जितना बड़ा आज यहां हो रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं। आप सिर्फ बीजेपी ही नहीं, आप सब सिर्फ दल ही नहीं, देश के संकल्पों के सिद्धी के भी मजबूत सिपाही हैं। भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए देश हित सर्वोपरि है, दल से बड़ा देश है। बूथ अपने आप में एक बहुत बड़ी इकाई है और हमें कभी भी बूथ की इस इकाई को छोटा नहीं समझना चाहिए। बहुत सी ऐसी चीजें होती हैं जहां जमीनी फीडबैक बहुत जरूरी होता है और जो बूथ के हमारे साथी हैं वो इसमें बहुत बड़ी भूमिका निभाते हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री अगर कोई सफल नीति बनाता है तो मान लेना कि इसमें बूथ स्तर की जानकारी की बहुत बड़ी ताकत होती है।

भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर किया प्रहार

पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों पर भी करारा हमला किया। उन्होंने कहा, घोटालेबाजों पर आज कानून का डंडा चल रहा है और इसके डर से ये सभी दल जुगलबंदी कर रहे हैं। विपक्ष के भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि इनका वादा 20 लाख करोड़ रुपए के घोटाले की गारंटी है जबकि मेरी गारंटी घोटालेबाजों पर कार्रवाई करने की है।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article