देश

PM मोदी ने ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों से की मुलाकात, लावरोव और अराघची भी रहे मौजूद

BRICS Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ब्रिक्स देशों के शीर्ष राजनयिकों से मुलाकात की। ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों के महत्वपूर्ण सम्मेलन की नई दिल्ली में शुरुआत हुई।

Image

PM मोदी ने ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों से की मुलाकात

Photo : ANI

BRICS Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ब्रिक्स देशों के शीर्ष राजनयिकों से मुलाकात की। ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों के महत्वपूर्ण सम्मेलन की नई दिल्ली में शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री से संयुक्त रूप से मुलाकात करने वाले लोगों में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, ब्राजील के माउरो विएरा, इंडोनेशिया के सुगिओनो और दक्षिण अफ्रीका के रोनाल्ड लामोला शामिल थे।

यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब पश्चिम एशिया संकट विशेष रूप से अमेरिका और इजराइल के ईरान के खिलाफ युद्ध से ऊर्जा आपूर्ति में उत्पन्न भारी व्यवधानों के कारण वैश्विक आर्थिक प्रभावों को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। समूह की अध्यक्षता कर रहे भारत ने सितंबर में होने वाले ब्रिक्स वार्षिक शिखर सम्मेलन से पहले विदेश मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन की मेजबानी की।

तय कार्यक्रमानुसार, शाम 7 बजे विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से भारत मंडपम में रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा। ब्रिक्स में शुरुआत में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। वर्ष 2024 में इसका विस्तार कर इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल किया गया। वर्ष 2025 में इंडोनेशिया भी इस समूह का सदस्य बना।

लावरोव ने PM मोदी से की मुलाकात

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया की स्थिति समेत पारस्परिक हित के विभिन्न क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने बैठक के दौरान भारत के उस दृढ़ रुख को दोहराया कि संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का बेहतर मार्ग है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि लावरोव ने दिसंबर 2025 में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई अपनी बैठक के बाद से द्विपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति के बारे में मोदी को जानकारी दी।

बयान में कहा गया है, ''विदेश मंत्री लावरोव और प्रधानमंत्री ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया की स्थिति समेत पारस्परिक हित के विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।'' इसमें कहा गया है कि मोदी ने लावरोव से पुतिन को उनकी हार्दिक शुभकामनाएं देने का अनुरोध किया। लावरोव ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए यहां आए हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article