देश

26 सितंबर को न्यूयॉर्क में UNGA सत्र को संबोधित कर सकते हैं पीएम मोदी, ट्रंप भी देंगे भाषण, क्या होगी मुलाकात?

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में वर्ष का सबसे व्यस्त राजनयिक सत्र माना जाने वाला यह उच्च-स्तरीय सत्र हर साल सितंबर में शुरू होता है। इस वर्ष यह सत्र इजराइल-हमास युद्ध और यूक्रेन संघर्ष के बीच आयोजित हो रहा है।

Image

UNGA सत्र के लिए पीएम मोदी जा सकते हैं अमेरिका (PTI)

UNGA Session: संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी वक्ताओं की एक प्रोविजनल सूची के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के वार्षिक उच्च-स्तरीय सत्र को संबोधित कर सकते हैं। यूएनजीए का 80वां सत्र 9 सितंबर को शुरू होगा। उच्च-स्तरीय आम बहस 23 से 29 सितंबर तक चलेगी, जिसमें ब्राजील पारंपरिक रूप से सत्र का पहला वक्ता होगा, उसके बाद अमेरिका का भाषण होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को प्रतिष्ठित यूएनजीए मंच से विश्व नेताओं को संबोधित करेंगे, जो व्हाइट हाउस में उनके दूसरे कार्यकाल में संयुक्त राष्ट्र सत्र को उनका पहला संबोधन होगा। भारत के साथ टैरिफ विवाद के बीच कयास लग रहे हैं कि क्या इस मुद्दे पर पीएम मोदी और ट्रंप के बीच मुलाकात होगी।

26 सितंबर को संबोधित कर सकते हैं पीएम मोदी

महासभा के 80वें सत्र की उच्च-स्तरीय बहस के लिए वक्ताओं की अनंतिम सूची के अनुसार, भारत के शासनाध्यक्ष 26 सितंबर की सुबह सत्र को संबोधित करेंगे। इजराइल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के शासनाध्यक्ष भी उसी दिन यूएनजीए की आम बहस को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी इस साल फरवरी में वाशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाउस में ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए अमेरिका गए थे। बैठक के बाद जारी एक संयुक्त बयान में पीएम मोदी और ट्रंप ने बहु-क्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण पर बातचीत करने की योजना की घोषणा की थी।

ट्रंप ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया

व्यापार वार्ता के दौरान ही ट्रंप ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिए, जिसमें नई दिल्ली द्वारा रूसी तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत टैरिफ भी शामिल है, जो 27 अगस्त से लागू होगा। इन टैरिफ पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत को निशाना बनाना अनुचित और अविवेकपूर्ण है। मंत्रालय ने कहा कि किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरह, भारत अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।

पिछले हफ्ते ट्रंप द्वारा 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने के कार्यकारी आदेश की घोषणा ऐसे समय में हुई जब प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर छठे दौर की वार्ता के लिए अमेरिका का एक दल 25 अगस्त से भारत आने वाला है। दोनों देश इस साल पतझड़ (अक्टूबर-नवंबर) तक समझौते के पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य बना रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस के लिए वक्ताओं की सूची प्रोविजनल है, और अगले कुछ हफ्ते में कार्यक्रमों और वक्ताओं में बदलाव की संभावना है। सूची को उसके अनुसार अपडेट किया जाता रहेगा।

सबसे व्यस्त राजनयिक सत्र

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में वर्ष का सबसे व्यस्त राजनयिक सत्र माना जाने वाला यह उच्च-स्तरीय सत्र हर साल सितंबर में शुरू होता है। इस वर्ष यह सत्र इजराइल-हमास युद्ध और यूक्रेन संघर्ष के बीच आयोजित हो रहा है। ट्रंप ने कहा है कि अपने दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल के छह महीनों में उन्होंने कई युद्धों को सुलझाया है, जिनमें आर्मेनिया और अजरबैजान, कंबोडिया और थाईलैंड, इजराइल और ईरान, रवांडा और कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, मिस्र और इथियोपिया और सर्बिया और कोसोवो के बीच शांति समझौता शामिल है। बता दें कि ट्रंप ने बार-बार भारत और पाकिस्तान के बीच मई में हुए संघर्ष को रोकने का श्रेय लिया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें