देश

US-मिस्र के राजकीय दौरे से स्वदेश लौटे PM मोदी, एयरपोर्ट पर गुलाब भेंटकर BJP नेताओं ने किया स्वागत

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 26, 2023, 06:40 AM IST

PM Modi News : मिस्र में पीएम मोदी को वहां के सबसे बड़ा अवार्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति अल-सीसी ने मोदी को मिस्र के सर्वोच्च राजकीय सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' पुरस्कार से सम्मानित किया। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 13वां सर्वोच्च राजकीय सम्मान है।

Image

पालम एयरपोर्ट पर सोमवार तड़के पहुंचे पीएम मोदी।

PM Modi News : अमेरिका और मिस्र का अपना पहला राजयकीय दौरा समाप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार की देर रात दिल्ली लौट आए। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री मिनाक्षी लेखी, सांसद हंसराज हंस, गौतम गंभीर सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे। इस ऐतिहासिक दौरे के लिए भाजपा नेताओं ने गुलाब का फूल भेंटकर पीएम का स्वागत किया। दोनों देशों में पीएम का राजकीय दौरा छह दिन का था।

पीएम को मिला मिस्र का सबसे बड़ा सम्मान

मिस्र में पीएम मोदी को वहां के सबसे बड़ा अवार्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति अल-सीसी ने मोदी को मिस्र के सर्वोच्च राजकीय सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' पुरस्कार से सम्मानित किया। यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 13वां सर्वोच्च राजकीय सम्मान है। पीएम मोदी के इस दौरे ने मिस्र के साथ भारत के आपसी संबंधों को और मजबूती प्रदान की है। दोनों देश आपसी हित के कई क्षेत्रों में सहयोग करने के लिए राजी हुए हैं।

और करीब आए भारत-मिस्र

मोदी ने रविवार को राष्ट्रपति अल-सीसी के साथ बातचीत की और व्यापार एवं निवेश, ऊर्जा संबंधों और लोगों से लोगों के बीच संबंधों में सुधार पर ध्यान देने के साथ दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों देशों ने अपने रिश्ते को 'रणनीतिक साझेदारी' तक बढ़ाया।

अमेरिका में पीएम मोदी का भव्य स्वागत

मोदी ने 20 जून को अपनी पांच दिवसीय यात्रा शुरू की थी। उन्होंने 21-24 जून तक अमेरिका का दौरा किया। उनकी अमेरिका यात्रा न्यूयॉर्क से शुरू हुई, जहां उन्होंने 21 जून को नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का नेतृत्व किया। बाद में, वाशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति बाइडन द्वारा व्हाइट हाउस में उनका भव्य स्वागत किया गया था।

पीएम ने बाइडेन के ट्वीट का दिया जवाब

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत और अमेरिका की दोस्ती दुनिया की भलाई के लिए एक शक्ति है तथा यह धरती को बेहतर बनाएगी। मोदी का यह बयान अमेरिका के राष्ट्रपति जो. बाइडन के उस ट्वीट के जवाब में आया जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका और भारत के बीच मित्रता दुनिया में सबसे अधिक अहम है। बाइडन ने पीएम मोदी मोदी की हाल में संपन्न अमेरिका यात्रा का एक वीडियो मेंटाज साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘अमेरिका और भारत के बीच की दोस्ती दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण है और यह पहले से कहीं अधिक प्रगाढ़, करीबी और अधिक गतिशील है।’ उनके ट्वीट के जवाब में मोदी ने ट्वीट किया, ‘मैं आपसे पूरी तरह से सहमत हूं। हमारे देशों के बीच मित्रता वैश्विक अच्छाई के लिए एक शक्ति है। यह धरती को बेहतर बनाएगी।’

(एजेंसी इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article