देश

बजट सत्र के दूसरे चरण से पहले PM मोदी ने शीर्ष मंत्रियों के साथ की बैठक, विपक्ष ने भी बनाई रणनीति

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 13, 2023, 12:33 PM IST

Budget session : बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान भी संसद में विपक्ष के हंगामे के आसार हैं। हालांकि, विपक्षी दलों के शोर-शराबे के बीच सरकार संसद के दोनों सदनों में महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने की कोशिश करेगी। राज्यसभा में 26 विधेयक और लोकसभा में नौ विधेयक लंबित हैं।

Image

संसद में मंत्रियों के साथ पीएम मोदी ने की बैठक।

Budget session : बजट सत्र का दूसरा चरण आज (सोमवार) से शुरू हो गया। 13 मार्च से शुरू होने वाला यह सत्र छह अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान 17 बैठकें होंगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शीर्ष मंत्रियों के साथ बैठक की, जिसमें संसद में केंद्र की रणनीति पर चर्चा हुई। दूसरी तरफ, विपक्ष भी बजट सत्र के दौरान सरकार को सदन में घेरने की तैयारी में है। ऐसे में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं की अहम बैठक हुई। इस बैठक में 16 विपक्षी दलों के नेताओं ने भाग लिया।

विपक्षी नेताओं की इस बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, अडानी मामले से लेकर अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए रणनीति तैयार की गई। खड़गे ने कहा कि हम संसद सत्र के दौरान महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा जोरशोर से उठाएंगे।

पहले चरण जैसे हंगामे के आसार

बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान भी संसद में विपक्ष के हंगामे के आसार हैं। हालांकि, विपक्षी दलों के शोर-शराबे के बीच सरकार संसद के दोनों सदनों में महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने की कोशिश करेगी। राज्यसभा में 26 विधेयक और लोकसभा में नौ विधेयक लंबित हैं। दरअसल, बजट सत्र के पहले चरण के दौरान विपक्षी दलों ने हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर संसदीय कमेटी बनाने की मांग को लेकर जबरदस्त हंगामा किया था, जिससे कई बार संसद की कार्यवाही बाधित हुई थी।

वित्त मंत्री पेश करेंगी जम्मू-कश्मीर का बजट

बजट सत्र के दौरान आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का बजट भी पेश करेंगी। बजट की प्रतियां संसद भवन में लाई गई हैं।

विपक्षी सांसदों ने किया प्रदर्शन

संसद सत्र से पहले बीआरएस ओर आप सांसदो ने संसद भवन के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसदों ने केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मामला उठाया। साथ ही हिंडनबर्ग मामले में संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के गठन की मांग की । इसके अलावा अन्य विपक्षी दलों ने गांधी प्रतिमा के सामने भी प्रदर्शन किया।
आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article