Foreign Travel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को विदेश यात्रा पर किसी भी प्रकार की पाबंदी लगाए जाने की रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया। दरअसल, पीएम मोदी ने इससे जुड़ी CNBCTV18 की रिपोर्ट को साझा करते हुए उसे गलत करार दिया है।
क्या कुछ बोले PM मोदी?
पीएम मोदी ने 'एक्स' पर कहा, ''यह पूरी तरह गलत है। इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। विदेश यात्रा पर किसी प्रकार की रोक लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता है।'' उन्होंने आगे कहा कि सरकार लोगों के लिए 'इज ऑफ डूइंग बिजनेस' और 'इज ऑफ लिविंग' को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पीएम मोदी की इस टिप्पणी को विदेश यात्रा पर संभावित टैक्स या प्रतिबंधों को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाने के तौर पर देखा जा रहा है।दरअसल, ऐसी रिपोर्ट्स चल रही थीं कि सरकार विदेश यात्रा पर टैक्स/सेस या अतिरिक्त चार्ज लगाने पर विचार कर रही है। साथ ही रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा था कि इसको लेकर उच्च स्तरीय स्तर पर चर्चा चल रही है। हालांकि, पीएम मोदी ने खुद ऐसी रिपोर्ट्स को सिरे से नकार दिया और स्पष्ट किया कि इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है।
मीडिया संस्थान ने रिपोर्ट ली वापस
पीएम मोदी की पोस्ट के तत्काल बाद CNBCTV18 ने अपनी रिपोर्ट वापस लेते हुए खेद जताया। साथ ही 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, ''सरकार द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स/सैस लगाने पर विचार किए जाने संबंधी हमारी खबर सटीक नहीं थी। हम इस खबर को वापस लेते हैं और इस गलती के लिए हमें खेद है।''
PM मोदी ने की थी यह अपील
सनद रहे कि पीएम मोदी ने हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का सीमित इस्तेमाल करने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने देशवासियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने और अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने को कहा था।
