देश

पीएम मोदी की अध्यक्षता में साढ़े चार घंटे चली मंत्रिपरिषद की बड़ी बैठक, कई अहम मुद्दों पर हुआ मंथन

PM Modi Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की अहम बैठक करीब साढ़े चार घंटे तक चली। बैठक में सरकार के कामकाज, विकास योजनाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और पश्चिम एशिया संकट के भारत पर असर जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

Image

पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की अहम बैठक

Photo : PTI

PM Modi Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की अध्यक्षता में गुरुवार को काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक करीब साढ़े चार घंटे तक चली। बैठक शाम 5 बजे शुरू हुई और इसमें केंद्र सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल हुए। यह इस साल की पहली पूर्ण मंत्रिपरिषद (NDA Government) बैठक थी। खास बात यह है कि यह बैठक ऐसे समय में हुई, जब एनडीए सरकार अपने तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे करने जा रही है। इसलिए बैठक को सरकार के कामकाज की समीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।

लागू की गई योजनाओं और उनके असर का हुआ आकलन

सूत्रों के अनुसार, बैठक में अलग-अलग मंत्रालयों के कामकाज, सरकार के बड़े फैसलों और उनकी प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। पिछले कुछ महीनों में लागू की गई योजनाओं और उनके असर का भी आकलन किया गया। सरकार ने खासतौर पर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, विकास योजनाओं और मंत्रालयों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया। बैठक में मंत्रालयों को यह भी कहा गया कि वे अपने सुधारों और योजनाओं को चार अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर उनका असर बताएं। इनमें कानून से जुड़े सुधार, नियमों में बदलाव, नई नीतियां और प्रशासनिक सुधार शामिल हैं।

पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव पर भी हुई चर्चा

सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और उसके भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर का भी जिक्र किया। उन्होंने मंत्रालयों को निर्देश दिया कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। ऊर्जा, खेती, उर्वरक, एविएशन, शिपिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) दक्षिण कोरिया के दौरे पर होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा (JP Nadda) जिनेवा में होने की वजह से बैठक से दूर रहे। सरकार की इस बैठक को आने वाले समय की रणनीति और योजनाओं के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article