Student Burnt Alive: आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में एक खौफनाक मामला सामने आया है। शुक्रवार को कुछ अज्ञात लोगों ने 10वीं कक्षा के एक छात्र को जिंदा जला दिया। अमरनाथ (15) जब ट्यूशन पढ़ने जा रहा था तो हमलावरों ने उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। गंभीर हालत में उसे गुंटूर के एक सरकारी सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना शुक्रवार सुबह चेरुकुपल्ली मंडल (ब्लॉक) के राजावोलु गांव में हुई।
साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहा था अमरनाथ
एक स्थानीय स्कूल का छात्र अमरनाथ अपनी साइकिल से ट्यूशन जा रहा था, तभी रेडलापलेम के पास कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। उन पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। उसके रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग आग बुझाने पहुंचे और उसे जीजीएच गुंटूर ले गए। हालांकि, बुरी तरह जल जाने के कारण अमरनाथ ने दम तोड़ दिया। आखिरी सांस लेने से पहले अमरनाथ ने पुलिस को बताया कि वेंकटेश्वर रेड्डी और कुछ अन्य लोगों ने उसे जला दिया।
दादा ने कहा, अमरनात की बहन को परेशान करने वाला लड़का जिम्मेदार
इस बीच, अमरनाथ के दादा रेड्डैया ने कहा कि हत्या के लिए अमरनाथ की बहन को परेशान करने वाला लड़का जिम्मेदार है। अमरनाथ ने अपनी बहन को परेशान करने के लिए लड़के की खिंचाई की थी। उसने लड़के से उस कॉलेज में घूमने को लेकर पूछताछ की थी जहां उसकी बहन पढ़ती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
