देश

कांग्रेस नेता की अजब डिमांड, बोले-'पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा को बनाएं मंत्री'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 20, 2023, 11:20 PM IST

मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने एमपी के सीएम शिवराज चौहान को एक चिट्ठी लिखी है उन्होंने सीएम से मांग की है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा को अपनी मंत्रिमंडल में शामिल कर लें।

Image

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

Photo : BCCL

मध्य प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, इसे लेकर वहां राजनीतिक गहमागहमी शुरू हो गई है और भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे पर कटाक्ष करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। इस बीच राज्य के एक कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने सीएम शिवराज सिंह चौहान से बड़ी मांग की है उन्होंने प्रदेश के दो चर्चित बाबाओं को कैबिनेट मंत्री बनाने को कहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा को सरकार में कैबिनेट मंत्री बना दें।

राकेश यादव ने कहा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान अपने कैबिनेट के साथियों के साथ 18-18 घंटे काम कर रहे हैं। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। अब एमपी में दो महाराज जी का आगमन हुआ है।ये दोनों चुटकियों में सारी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री से मांग की है कि एक विशेष कानून के तहत दोनों बाबाओं को अपनी कैबिनेट में शामिल करें। अभी एमपी में छह महीने के बाद चुनाव हैं। दोनों को छह महीने के लिए कैबिनेट मंत्री बनाएं।

एक समस्या निवारण मंत्रालय

कांग्रेस नेता ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को मंत्रालय के नाम भी बताए हैं। एक समस्या निवारण मंत्रालय दिया जाए और दूसरे को धार्मिक समस्या मंत्रालय दिया जाए। पंडित धीरेंद्र शास्त्री तो पर्चा लिखकर भूत और भविष्य बताते हैं। ऐसे में प्रदेश में 35 लाख बेरोजगार हैं। उनको वहां बुलाया जाए। उन सभी का पर्चा लिखवाया जाए और उनका भविष्य बनवाया जाए।

'उन्हें साढ़े सात करोड़ रुद्राक्ष दिया जाए'

राकेश सिंह यादव ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा रुद्राक्ष के माध्यम से सारी समस्याओं का निवारण कर रहे हैं। वह 46 लाख रुद्राक्ष बांट रहे हैं। हमारी सरकार से अपील है कि उन्हें साढ़े सात करोड़ रुद्राक्ष दिया जाए। इसे राशन की दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाए। पंडित प्रदीप मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके रुद्राक्ष से गरीब सुखी हो जाएंगे। साथ ही कर्जा मुक्त हो जाएंगे। उन्हें नौकरी मिल जाएगी और बच्चे पढ़ने में तेज हो जाएंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article