देश

पत्थर चलाने में हमारा भविष्य नहीं है, परिवर्तन के साथ जुड़ें, अमित शाह ने की कश्मीर के युवाओं से अपील

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Jun 23, 2023, 08:11 PM IST

कश्मीर घाटी में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं से अपील की कि आप परिवर्तन के साथ जुड़ जाए। पत्थर चलाने में हमारा भविष्य नहीं है।

Image

कश्मीर के युवाओं से अमित शाह की अपील

श्रीनगर में विकास की विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में परिवर्तन आ रहा है, यहां के युवाओं से मैं विशेषकर अपील करना चाहता हूं कि आप परिवर्तन के साथ जुड़ जाए। पत्थर चलाने में हमारा भविष्य नहीं है, हाथ में हथियार पकड़ने में हमारा भविष्य नहीं है। हमारा भविष्य हाथ में लैपटॉप लेकर जम्मू-कश्मीर और देश के विकास के साथ जुड़ने में हैं।

अमित शाह ने कहा कि जम्मू कश्मीर में अब हालात शांतिपूर्ण हैं और श्रीनगर में जी20 बैठक के सफल आयोजन ने यह साबित कर दिया है। पहले विकास का पैसा चंद लोगों की जेब में जाता था लेकिन अब विकास का लाभ उन सभी लोगों को मिल रहा है, जो इसके हकदार हैं। उन्होंने कहा कि जब श्रीनगर में जी20 की बैठक करने का फैसला किया गया, तब कई लोगों ने विभिन्न टिप्पणियां कीं और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती समेत कुछ लोगों ने कई अनुमान जताए।

शाह ने कहा कि लेकिन ये सभी अनुमान गलत साबित हुए क्योंकि श्रीनगर में जी20 की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित हुई। उन्होंने इसके लिए उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के नेतृत्व वाले जम्मू कश्मीर प्रशासन की सराहना की। शाह ने यह भी कहा कि जी20 बैठक के सफल आयोजन से कश्मीर में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।

गृह मंत्री ने दावा किया कि पिछली सरकारों में गरीबों और किसानों को भेजा जाने वाला धन कुछ लोगों की जेब में जाता था। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के कई लोगों के पास विदेश में बड़े घर हैं और कई लोग विदेश में 45-60 दिन की छुट्टी बिताने जाते थे। यह पैसा कहां से आया? यह गरीबों का पैसा था।

उन्होंने कहा कि अब विकास का धन प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिये वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री ने लोगों से आगे आने और विकास की राह पर चलने के लिए एकजुट होने की तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शांतिपूर्ण और समृद्ध जम्मू-कश्मीर के सपने को पूरा करने की भी अपील की। (एजेंसी इनपुट के साथ)

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article