देश

राहुल गांधी की सजा ने विपक्ष को एकजुट कर दिया? जो केजरीवाल-अखिलेश थे खफा, वो भी कर दिए सपोर्ट; शुक्रवार को प्रदर्शन

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 23, 2023, 11:50 PM IST

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को मोदी सरनेम (Modi Surname) वाले मानहानि केस में दो साल की सजा हो चुकी है। उनकी सदस्यता पर भी संकट है। हालांकि राहुल गांधी के पास 30 दिन का समय है अपील करने के लिए, अगर कोर्ट से उन्हें सजा पर स्टे मिल जाता है, तो उनकी सदस्यता बच जाएगी है।

Image

राहुल गांधी के सपोर्ट में उतरा विपक्ष

Photo : Twitter

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को जेल की सजा वाले मामले पर विपक्ष एकजुट होता दिख रहा है। जो पार्टियां और उनके नेता कांग्रेस के खिलाफ हाल के दिनों में बोल रहे थे, कांग्रेस के बिना मोर्चा बनाने में जुटे थे, अब वो भी राहुल गांधी के सपोर्ट में बोलते दिख रहे हैं। शायद यही कारण है कि कांग्रेस अब शुक्रवार को इस मामले पर बड़ा प्रदर्शन करने की योजना बना रही है।

केजरीवाल क्या बोले

आम आदमी पार्टी को कांग्रेस, भाजपा की बी-टीम बताती रही है। आप भी बिना कांग्रेस के 2024 के चुनाव में गठबंधन बनाने का प्रयास करती रही है। कई मौकों पर सीधे-सीधे पार्टी के नेता राहुल गांधी को घेरते रहे हैं, लेकिन अब जब राहुल गांधी को मानहानि वाले मामले में दो साल की सजा हो गई है तो आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल सीधे-सीधे राहुल गांधी के सपोर्ट में उतर गए हैं। केजरीवाल ने कहा- "गैर बीजेपी नेताओं और पार्टियों पर मुकदमे करके उन्हें खत्म करने की साजिश हो रही है। हमारे कांग्रेस से मतभेद हैं मगर राहुल गांधी जी को इस तरह मानहानि मुकदमे में फसाना ठीक नहीं। जनता और विपक्ष का काम है सवाल पूछना। हम अदालत का सम्मान करते हैं पर इस निर्णय से असहमत हैं।"

अखिलेश भी सपोर्ट में उतरे

सपा प्रमुख अखिलेश यादव हाल के दिनों में कांग्रेस को लेकर कई दावे कर चुके हैं। सीधे-सीधे हमला भी कर चुके हैं। 2024 को लेकर भी इशारा कर चुके हैं, कि सपा कांग्रेस के साथ गठबंधन में नहीं जाएगी। लेकिन राहुल गांधी को जेल की सजा मामले पर अखिलेश न केवल उनके सपोर्ट में उतरे, बल्कि विपक्षी एकता की बात करते हुए बीजेपी को भी उन्होंने घेर लिया। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा- "देश की मानहानि, जनता की मानहानि, सौहार्द की मानहानि, संविधान की मानहानि, अर्थव्यवस्था की मानहानि...भाजपा पर उपरिलिखित न जाने कितने प्रकार के मानहानि के मुकदमे होने चाहिए। विपक्ष को नगण्य मुक़दमों में फंसाकर अपना राजनीतिक भविष्य साधनेवाली भाजपा विपक्ष की ताकत से डर गयी है।"

कांग्रेस का बड़ा प्लान

राहुल गांधी को जेल की सजा मुद्दे पर कांग्रेस आक्रमक रुख अपना चुकी है। सजा की घोषणा होते ही कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुआ है। अब कांग्रेस शुक्रवार को बड़े विरोध की तैयारी में है। कांग्रेस पार्टी इस मामले पर राष्ट्रपति से भी मिलने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने गुरुवार शाम कहा कि करीब 50 सांसद, कांग्रेस स्टियरिंग कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर मिले। खड़गे ने शुक्रवार सुबह 10 बजे विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है। इसके बाद 11:30 या 12 बजे सारे विपक्षी सांसद संसद भवन से विजय चौक तक मार्च करेंगे। सभी विपक्षी पार्टियों ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है। शुक्रवार शाम को कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस के सारे पीसीसी अध्यक्ष और विधायक दल के नेताओं की बैठक होगी, जहां राज्यों में जो कार्यक्रम होंगे, उन पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर सोमवार को दिल्ली में और अलग-अलग राज्यों में प्रदर्शन होंगे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article