देश

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर विपक्ष का वार तेज, राहुल बोले- 3 रुपये बढ़े, बाकी वसूली किस्तों में; अखिलेश ने याद दिलाई साइकिल

Opposition Attack on Modi: पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद विपक्ष ने मोदी सरकार पर हमला तेज कर दिया है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने महंगाई और ईंधन कीमतों को लेकर केंद्र पर निशाना साधा।

Image

पेट्रोल-डीजल महंगा होते ही विपक्ष का हमला तेज! किसी ने कहा 'मोदी की वसूली शुरू', तो अखिलेश बोले- साइकिल ही विकल्प

Petrol Diesel Price Hike: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला तेज कर दिया है। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक बयानबाजी तक महंगाई का मुद्दा छाया हुआ है। कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि उधर मोदी जी विदेश यात्रा पर गए और इधर देश को पेट्रोल और डीजल की मंहगाई का तोहफा देकर गए। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह 5 देशों के दौरे पर निकल गए हैं। प्रतापगढ़ी ने कहा कि काश अभी तक चुनाव चल रहे होते तो पेट्रोल डीजल महंगा ना होता।

कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने पर सरकार को घेरा। उधर, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा, 'रुपया, डीजल और पेट्रोल… सबसे पहले कौन 100 पार करेगा?' वहीं कई विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर रवाना होते ही जनता को महंगाई का झटका दे दिया गया।

महंगाई मैन मोदी

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए उन्हें 'महंगाई मैन मोदी' कहा और आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद सरकार ने जनता से अपनी वसूली शुरू कर दी है। पीएम मोदी की वसूली शुरू हो गई है।

अखिलेश यादव बोले- साइकिल ही विकल्प

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, 'आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है।' उनके इस बयान को बढ़ती ईंधन कीमतों से जोड़कर देखा जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने इसे 'महंगाई की नई मार' बताते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही ईंधन के दाम बढ़ा दिए गए। कुछ नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि अगर चुनाव जारी होते तो शायद कीमतें नहीं बढ़तीं।

दरअसल, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब ₹3 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की खबर सामने आई है। इसके बाद से सोशल मीडिया पर भी सरकार और महंगाई को लेकर बहस तेज हो गई है।

तोहफा-तोहफा..जीत गए बंगाल, अब कर देंगे कंगाल

बंगाल से TMC नेता सायोनी घोष ने कहा, 'तोहफा तोहफा तोहफा तोहफा लाया लाया लाया… 🎵 पेट्रोल/डीजल की कीमत में बढ़ोतरी! कोलकाता में आज से ताजा रेट; पेट्रोल 108.74/- प्रति लीटर डीजल 95.13/- प्रति लीटर। जीत गए बंगाल,अब कर देंगे कंगाल!'

बीजेपी नेता अमित मालवीय क्या बोले?

भाजपा नेता मालवीय ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद भारत सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बहुत कम बढ़ोतरी की है, जबकि दुनिया के कई देशों में ईंधन के दाम 40% से 90% तक बढ़ गए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ा author

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदे... और देखें

End of Article