ISRO Chief Cancer: इसरो चीफ एस सोमनाथ को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार जिस दिन भारत का सूर्यमिशन यानि कि आदित्य एल 1 लॉन्च किया जाना था, उसी दिन उन्हें पता चला कि वो कैंसर से पीड़ित हैं। इसरो चीफ एस सोमनाथ को पेट का कैंसर हुआ था। जिसके बाद उन्हें ऑपरेशन और कीमोथेरेपी की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।
एस सोमनाथ ने खुद अपनी बीमारी के बारे में बताया
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख एस सोमनाथ ने एक इंटरव्यू में अपनी बीमारी को लेकर खुलासा किया है। एस सोमनाथ की जब तबीयत खराब रहने लगी, तब उनकी जांच हुई थी, स्कैनिंग की गई थी, जहां पता चला कि पेट में कैंसर हैं।
चंद्रयान के समय से दिक्कत
ऐसा नहीं है कि इसरो चीफ को अचानक से ये दिक्कत हुई हो। एस सोमनाथ की तबीयत चंद्रयान 3 मिशन की लॉन्चिंग के समय से ही खराब थी। लेकिन कैंसर का पता आदित्य एल 1 की लॉन्चिंग के समय चला। सोमनाथ ने कहा- "चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च के दौरान कुछ स्वास्थ्य समस्याएं थीं। हालांकि, उस समय यह मेरे लिए स्पष्ट नहीं था, मुझे इसके बारे में स्पष्ट समझ नहीं थी।"
सिर्फ 4 दिन अस्पताल में रहे
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट उसी दिन आया था जिस दिन आदित्य-एल1 मिशन लॉन्च किया गया था। यह रिपोर्ट न केवल उनके लिए बल्कि उनके परिवार और सहकर्मियों के लिए भी एक झटका था। आगे की जांच के लिए वो चेन्नई गए। जिसके बाद कैंसर का इलाज शुरू हुआ। एस सोमनाथ बताते हैं कि उनकी रिकवरी किसी चमत्कार से कम नहीं है। अस्पताल में केवल चार दिन बिताने के बाद, उन्होंने पांचवें दिन से बिना किसी दर्द के अपने काम पर लौट आए थे।
