देश

कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ ऑगी जनता पार्टी ने खोला मोर्चा, कहा-CJP के एजेंडे को करेंगे एक्सपोज

ऑगी जनता पार्टी ने खुद को कॉकरोच जनता पार्टी का विरोधी बताया है और CJP के इरादों, अभियान और उसके राजनीतिक जुड़ाव पर सवाल खड़े किए हैं। दोनों मोर्चों के बीच जारी वर्चुअल जंग ने सोशल मीडिया में काफी बज पैदा कर दिया है।

Image

कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ आई ऑगी जनता पार्टी।

Oggy Janata Party : वर्चुअल दुनिया में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) बनाकर सनसनी पैदा करने वाले अभिजीत दीपके के सामने उनकी प्रतिद्वंद्वी पार्टी आ गई है। इस पार्टी का नाम है ऑगी जनता पार्टी (OGP)। कार्टून ऑगी एवं कॉकरोच से प्रेरित इस एजीपी ने खुले तौर पर CJP को चुनौती दी है। OGP का कहना है कि वह CJP के एजेंडे को एक्सपोज करेगी। OGP के आगमन के बाद सोशल मीडिया पर दोनों मंचों एवं इनके फॉलोअर्स के बीच वर्चुअल जंग तेज हो गई है। सोशल मीडिया में इन्हें लेकर दिलचस्प मीम बनाए जा रहे हैं।

CJP के राजनीतिक जुड़ाव पर उठाए सवाल

ऑगी जनता पार्टी ने खुद को कॉकरोच जनता पार्टी का विरोधी बताया है और CJP के इरादों, अभियान और उसके राजनीतिक जुड़ाव पर सवाल खड़े किए हैं। दोनों मोर्चों के बीच जारी वर्चुअल जंग ने सोशल मीडिया में काफी बज पैदा कर दिया है। इंस्टाग्राम एवं X जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर दोनों के फॉलोअर्स एक दूसरे को निशाना बनाते हुए हमले और राजनीतिक वाद-विवाद में कूद गए हैं।

OGP का दावा CJP के AAP से है कनेक्शन

अपने हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट में ओगी जनता पार्टी (OJP) ने कथित तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के आम आदमी पार्टी (AAP) से संबंधों को उजागर करने की कोशिश की। समूह ने दीपके की AAP की सोशल मीडिया और चुनाव प्रचार टीम में पहले की भूमिका का हवाला दिया। पोस्ट में 2024 का एक संदेश भी साझा किया गया, जिसमें दिपके ने बोस्टन रवाना होने से पहले दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का धन्यवाद किया था।

दीपके ने लिखा था, 'आपके साथ काम करते हुए आपने जो अवसर दिए, उसके लिए मैं बेहद आभारी हूं। बोस्टन जा रहा हूं और आपका मार्गदर्शन हमेशा मेरे साथ रहेगा। दूरी कभी भी AAP के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को कमजोर नहीं कर सकती।'

‘सभी कॉकरोच खत्म करो’: OJP का नया नारा

ओगी जनता पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, पार्टी का मुख्य उद्देश्य बेहद सीधा और नाटकीय है -'हर तरह के कॉकरोच का सफाया।'

वेबसाइट में लिखा है, 'कोई भी कॉकरोच, किसी भी आकार का, किसी भी प्रजाति का -खत्म।' यह पूरा अभियान कार्टून किरदार ‘ओगी एंड द कॉकरोचेस’ से प्रेरित है। अब यह व्यंग्यात्मक राजनीति का हिस्सा बन चुका है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

'युवा खुद को ‘कॉकरोच’ कहलाने में गर्व महसूस कर रहे'

पार्टी ने एक और पोस्ट में भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरों के साथ युवाओं पर कटाक्ष किया। पोस्ट में लिखा गया, 'जिस देश की पहचान तलवारों की धार से बनी, वहां के युवा खुद को ‘कॉकरोच’ कहलाने में गर्व महसूस कर रहे हैं। यह सचमुच ‘पीक बेरोजगारी’ का लक्षण है।' इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने इसे मजेदार व्यंग्य बताया, जबकि कई यूजर्स ने इसे बढ़ती ऑनलाइन ध्रुवीकरण की मिसाल कहा।

पशु कल्याण पर भी जारी किया घोषणापत्र

OJP ने पशु अधिकारों को लेकर छह सूत्रीय 'एनिमल राइट्स मैनिफेस्टो' भी जारी किया। पार्टी ने देशभर में आवारा जानवरों के लिए बेहतर सुविधाओं का वादा किया है। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में ओजेपी ने कहा है कि 'हम मानते हैं कि दयालु भारत ही मजबूत भारत है। हमारा घोषणापत्र हर आवारा जानवर के लिए मुफ्त इलाज, सख्त पशु क्रूरता कानून, ज्यादा शेल्टर, रोजाना फीडिंग मिशन और गोद लेने को बढ़ावा देने वाले अभियान का वादा करता है।' पोस्टर में कार्टून किरदार ओगी को सफेद कुर्ता-पायजामा में जानवरों के बीच दिखाया गया, जिससे पूरे अभियान का व्यंग्यात्मक राजनीतिक अंदाज उभरकर सामने आया है।

NEET पेपर लीक मुद्दे पर भी उठाई आवाज

ओगी जनता पार्टी ने NEET पेपर लीक विवाद पर भी सोशल मीडिया अभियान चलाते हुए छात्रों के लिए न्याय की मांग की। साझा किए गए पोस्टर में OJP के मैस्कॉट के साथ लिखा है-'स्टुडेंट डिजर्व जस्टिस'। तो वहीं OJP के इंस्टाग्राम बायो में लिखा है-'किसी राजनीतिक पार्टी द्वारा समर्थित नहीं, USA-आधारित ‘CJP’ की तरह नहीं।' लॉन्च के कुछ ही समय में पार्टी के 10 हजार से अधिक फॉलोअर्स हो गए हैं और यह मीम आधारित अभियान इंटरनेट पर चर्चा का बड़ा विषय बन चुका है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article