देश

ओडिशा में 22 नक्सलियों ने किया सरेंडर, AK-47 और SLR जैसे हथियार पुलिस को सौंपे

ओडिशा के मल्कानगिरि क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कई वरिष्ठ नक्सलियों ने पुलिस महानिदेशक वाई. बी. खुरानिया की मौजूदगी में सरेंडर किया। उन्होंने एके-47 और एसएलआर सहित हथियार जमा कराए।

Image

ओडिशा में 22 नक्सलियों ने किया सरेंडर

ओडिशा में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। राज्य के मल्कानगिरी क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समारोह के दौरान 22 नक्सलियों ने सरेंडर करते हुए मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। पुलिस महानिदेशक वाई. बी. खुरानिया की मौजूदगी में हुए इस औपचारिक कार्यक्रम में नक्सलियों ने अपने पास मौजूद एके-47 राइफल, एसएलआर सहित कई घातक हथियार जमा कराए।

लाखों का था इनाम घोषित

सूत्रों के अनुसार सरेंडर करने वालों में एरिया कमेटी मेंबर (ACM) और डिप्टी कमेटी मेंबर (DCM) जैसे वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हैं, जिन पर 5.5 लाख रुपये से लेकर 27.5 लाख रुपये तक के इनाम घोषित थे। अधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार की नई ‘नक्सल सरेंडर और पुनर्वास नीति’ ने इस निर्णय में बड़ी भूमिका निभाई है। 27 नवंबर को घोषित इस संशोधित नीति में इनाम राशि को पड़ोसी छत्तीसगढ़ से 10 प्रतिशत अधिक करते हुए 2014 की तुलना में 4 से 5 गुना बढ़ाया गया है।

इस साल का सबसे बड़ा आत्मसमर्पण

यह 2025 में ओडिशा में नक्सलियों का पहला बड़ा सामूहिक आत्मसमर्पण है। मल्कानगिरी, जिसे कभी स्वाभिमान अंचल के नाम से कटऑफ क्षेत्र माना जाता था, ओडिशा–छत्तीसगढ़ सीमा पर लंबे समय से नक्सल गतिविधियों का केंद्र रहा है। सरेंडर के बाद सभी नक्सली राज्य सरकार के पुनर्वास कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके तहत वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण और समाज में पुन: समावेशन की व्यवस्था की गई है।

मारे जा चुके हैं 260 नक्सली

राष्ट्रीय स्तर पर भी 2025 में नक्सलवाद काफी कमजोर पड़ा है। देशभर में अब तक 1,225 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, 270 मारे गए हैं और 680 से अधिक की गिरफ्तारी हुई है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह नक्सली विचारधारा के कमजोर पड़ने और सरकारी पहलों पर लोगों के बढ़ते भरोसे का संकेत है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article