Wrestlers Protest: डब्ल्यूएफआई प्रमुख और भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों के प्रदर्शन पर अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा है। राहुल गांधी ने इस मामले पर भी सीधे पीएम मोदी पर हमला बोला है। बता दें कि कई महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर शोषण का आरोप लगाया है, उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो गई है। लेकिन पहलवान अब उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
क्या बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने इस मामले पर पहले भी महिला पहलवानों का सपोर्ट किया था। अब अमेरिका दौरे के दौरान भी राहुल गांधी ने इस मामले पर राहुल गांधी को घेरा है। राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा- "25 अंतरराष्ट्रीय मेडल लाने वाली बेटियां - सड़कों पर न्याय की गुहार लगा रहीं! 2 FIR में यौन शोषण के 15 घिनौने आरोपों वाला सांसद - प्रधानमंत्री के ‘सुरक्षा कवच’ में महफ़ूज़! बेटियों के इन हालात की ज़िम्मेदार मोदी सरकार है।"
प्रियंका गांधी ने भी सरकार को घेरा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस मामले पर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बताना चाहिए कि आरोपी सांसद के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने बृजभूषण के खिलाफ आरोपों से संबंधित एक खबर साझा करते हुए ट्वीट किया- "नरेन्द्र मोदी जी, इन गंभीर आरोपों को पढ़िए और देश को बताइए कि आरोपी पर अभी तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?"
खाप पंचायत का अल्टीमेटम
इस मामले पर खाप पंचायत ने भी मोदी सरकार को अल्टीमेटम दिया है। हरियाणा में आज हुआ खाप महापंचायत के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार के पास 9 जून तक का समय है। अगर बृजभूषण शरण सिंह गिरफ्तार नहीं होता है तो वो फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन होगा। अगर सरकार ने रोकने की कोशिश की तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
