देश

करीब 200 पूर्व सांसदों ने खाली नहीं किया सरकारी बंगला, अब भेजा गया नोटिस! आगे होगी बेदखली

हारे हुए कई सांसदों ने अपना बंगला अभी तक खाली नहीं किया है। जिसके बाद उन्हें नोटिस जारी किया गया है। करीब 200 सांसदों को नोटिस जारी किया गया है।

Image

दर्जनों पूर्व सांसदों को बंगला खाली करने का नोटिस (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • स्मृति ईरानी ने खाली किया बंगला
  • कई और पूर्व मंत्रियों ने खाली किए बंगले
  • कई सांसदों ने खाली नहीं किया बंगला

लोकसभा चुनाव को खत्म हुए एक महीने से ऊपर हो चुके हैं, लेकिन इतने दिनों बाद भी हारे हुए सांसद बंगला छोड़ने को तैयार नहीं है। जिसके बाद अब उन्हें बंगला खाली करने के लिए नोटिस भेजा गया है। पीटीआई को सूत्रों के साथ मिली जानकारी के अनुसार बंगला खाली नहीं करने वाले पूर्व सांसदों की संख्या करीब 200 है।

लुटियंस दिल्ली में हैं बंगले

लोकसभा के 200 से अधिक पूर्व सदस्यों को लुटियंस दिल्ली में आवंटित सरकारी बंगलों को खाली करने के नोटिस जारी किए गए हैं। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पूर्व सांसदों को सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत कब्जाधारियों से बेदखली) अधिनियम के तहत ये नोटिस जारी किए गए हैं।

क्या कहता है बंगला खाली करने का कानून

नियमों के अनुसार पूर्व सांसदों को पिछली लोकसभा के भंग होने के एक महीने के भीतर अपने सरकारी बंगले खाली करने होते हैं। सूत्रों ने बताया, ‘‘अब तक 200 से अधिक पूर्व सांसदों को निर्धारित समय से अधिक समय तक रहने के कारण बंगले खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। उन्हें जल्द से जल्द अपने सरकारी बंगले खाली करने को कहा गया है। अन्य पूर्व सांसदों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया चल रही है।’’

नहीं मानें तो जबरदस्ती होंगे बेदखल

सूत्रों ने बताया कि यदि वे शीघ्र ही अपने सरकारी आवास खाली नहीं करते तो अधिकारियों की टीम शीघ्र ही ‘‘बलपूर्वक बेदखली’’ के लिए भेजी जाएंगी। लोकसभा सचिवालय सांसदों को आवास उपलब्ध कराता है, वहीं आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एचयूए) केंद्रीय मंत्रियों को लुटियंस दिल्ली में बंगले आवंटित करता है। यदि पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद निर्धारित समयावधि के भीतर अपने सरकारी बंगले खाली नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ बेदखली की कार्यवाही शुरू की जाती है।

किस-किस ने खाली किए बंगले

स्मृति ईरानी सहित चार से अधिक पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने अब तक लुटियंस दिल्ली स्थित अपने सरकारी बंगले खाली कर दिये हैं। स्मृति ने इस महीने की शुरुआत में लुटियंस दिल्ली में 28 तुगलक क्रिसेंट स्थित अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया था। उन्हें हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता किशोरी लाल शर्मा से 1.5 लाख से अधिक मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमार author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article